CG : लुका-छिपी खेलते समय कुएं में गिरी मासूम बच्ची की मौत: घंटों बाद कुएं से बरामद हुआ शव, परिजनों में मचा कोहराम...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक 8 साल की बच्ची लुका-छिपी खेलते समय कुएं में गिर गई और उसकी डूबने से मौत हो गई। जब परिजनों ने काफी देर तक बच्ची को नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की गई। अंततः उसका शव उसी कुएं में मिला, जहां वह खेलते समय गिर गई थी। यह घटना कुसमी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुसमी के वार्ड क्रमांक 10 में रहने वाले स्टांप विक्रेता हीरा लाल कश्यप की बेटी सुप्रिया कश्यप रविवार दोपहर को घर से बाहर निकली थी। वह मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ लुका-छिपी का खेल खेल रही थी। उस समय परिवार के सदस्य और मोहल्ले के अन्य लोग रामनवमी की ध्वजा यात्रा में भाग लेने बाहर गए हुए थे। जब परिजन घर लौटे, तो सुप्रिया वहां नहीं मिली।

विज्ञापन 

शुरुआत में परिजनों को लगा कि सुप्रिया पास के चिरईपानी में लगे रामनवमी मेले को देखने गई होगी। लेकिन शाम 6 बजे तक उसके घर नहीं लौटने पर परिवार वालों ने मोहल्ले में उसकी तलाश शुरू कर दी। जब उसके बारे में कुछ जानकारी नहीं मिली तो साथ में खेल रहे बच्चों से पूछा गया। उन्होंने बताया कि सुप्रिया उनके साथ खेल रही थी, फिर अचानक वह गायब हो गई।

रात करीब 9 बजे जब परिजन पड़ोस में रहने वाले बिंदे के घर पहुंचे, तो उसने बताया कि उसे कुएं से किसी के गिरने की आवाज सुनाई दी थी। शक के आधार पर कुएं में लोहे का झग्गर डाला गया तो उसमें सुप्रिया का शव अटका हुआ ऊपर आ गया। शव दिखते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची और सुप्रिया को कुएं से बाहर निकाला गया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम किया गया। डॉक्टरों ने पुष्टि की कि मौत का कारण पानी में डूबना था। जिस कुएं में बच्ची गिरी थी, उसमें लगभग 5 फीट गहराई तक पानी भरा हुआ था।

पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सुप्रिया बाजारपारा की नवीन प्राथमिक शाला में कक्षा तीसरी की छात्रा थी। इस हृदयविदारक घटना से परिवार गहरे सदमे में है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi