CG : तुम्हारी गर्लफ्रेंड से मै भी बनाऊंगा संबंध"—इस बात पर दोस्त ने की गला दबाकर हत्या, यूट्यूब से सीखी सबूत मिटाने की तरकीब...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका से जबरदस्ती करने की बात कहने पर अपने ही दोस्त की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने यूट्यूब पर वीडियो देखकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की और पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी रच दी। पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना पत्थलगांव थाना क्षेत्र के भाथुडांड गांव में हुई।

खेत में मिली लाश, खुली हत्या की परतें

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि 3 अप्रैल 2025 को पत्थलगांव से भाथुडांड की ओर जाने वाले एक कच्चे रास्ते के किनारे खेत में एक युवक का शव बरामद हुआ। जांच में मृतक की पहचान सुधन दास (20 वर्ष) के रूप में हुई, जो रायगढ़ जिले के थाना कापू के नपुर नवापारा का निवासी था।

पोस्टमार्टम में हुई हत्या की पुष्टि

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में यह साफ हुआ कि युवक की गला दबाकर हत्या की गई थी। इसके आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।

आरोपी दोस्त की कहानी पर संदेह

जांच के दौरान पुलिस को सुधन के दोस्त जयशंभु दास महंत (20 वर्ष), निवासी बेंदोपानी गांव, थाना कापू, पर शक हुआ। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में उसने दावा किया कि वह और सुधन एक लड़की से मिलने खेत गए थे। वह कुछ दूरी पर खड़ा था और जब लौटा, तो देखा कि सुधन फांसी पर लटका हुआ था और लड़की रो रही थी।

सेक्स की बात पर भड़का आरोपी, की हत्या

हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि होने पर पुलिस को उसकी कहानी पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर जयशंभु ने सच्चाई उगल दी। उसने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड को खेत में लेकर गया था और वहीं सुधन भी मौजूद था। उसने प्रेमिका से शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद जब वह लौट रहा था, तो सुधन ने भी उसकी गर्लफ्रेंड से संबंध बनाने की बात कह दी। इसी बात पर दोनों में बहस हो गई और गुस्से में आकर जयशंभु ने सुधन की गला दबाकर हत्या कर दी।

यूट्यूब देखकर रची झूठी कहानी, मिटाए सबूत

हत्या के बाद जयशंभु ने यूट्यूब पर वीडियो देखे और सुबूत मिटाने की योजना बनाई। उसने मृतक के मुंह से निकली झाग को पोंछा ताकि मौत आत्महत्या जैसी लगे। इसके बाद शव को खेत में छोड़कर अपनी बाइक को छुपा दिया और खुद एक शादी समारोह में जाकर सो गया, ताकि किसी को शक न हो।

पुलिस को दी फर्जी कहानी

जयशंभु ने पुलिस को गुमराह करने के लिए एक स्क्रिप्ट तैयार की, जिसमें सुधन की गर्लफ्रेंड के रूप में अपनी प्रेमिका का नाम लिया और आत्महत्या की झूठी कहानी सुनाई। लेकिन पुलिस की तकनीकी जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गहन पूछताछ से उसकी चाल नाकाम हो गई।

 48 घंटे में सुलझा मामला, टीम को मिला इनाम

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जयशंभु को रविवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिस लड़की को आरोपी ने सुधन की गर्लफ्रेंड बताया था, वह वास्तव में उसकी अपनी प्रेमिका थी। मामले की सच्चाई उजागर करने में पत्थलगांव पुलिस और साइबर सेल की अहम भूमिका रही, जिन्हें नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। एसएसपी ने कहा कि पुलिस की सूझबूझ, तकनीकी कौशल और मनोवैज्ञानिक पूछताछ से यह जघन्य अपराध महज 48 घंटे में सुलझा लिया गया।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi