भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग राज्य सरकार ने आंतरिक सुरक्षा को सशक्त करने के उद्देश्य से बजट में एक बड़ी पहल की है। तीन नई विशेष सुरक्षा इकाइयों का गठन किया जा रहा है, जिससे सुरक्षा ढांचे को मजबूती मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इन बलों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
सरकार द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) की तर्ज पर एक स्पेशल ऑपरेटिंग ग्रुप (SOG) की स्थापना की जा रही है। पहले चरण में इस फोर्स के लिए 44 पदों को मंजूरी दी गई है, जिसमें डीएसपी से लेकर सिपाही स्तर तक के जवान शामिल होंगे। एनएसजी की तरह ही इन कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जो स्वयं एनएसजी के अधिकारी प्रदान करेंगे। भविष्य में इस ग्रुप के पदों की संख्या बढ़ाकर 100 की जाएगी।
इसी प्रकार, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की तर्ज पर राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (SISF) तथा भारतीय रिजर्व बटालियन (IRBN) का गठन भी प्रस्तावित है। बस्तर क्षेत्र के स्थानीय युवाओं को इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इस बार बस्तर फाइटर फोर्स के लिए 3200 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। आगामी एक वर्ष के भीतर इन तीनों बलों में कुल 4751 पदों पर भर्ती पूरी कर ली जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एसओजी, आईआरबीएन और एसआईएसएफ का कार्यक्षेत्र अलग-अलग होगा और इनमें शीघ्र ही नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
अस्थायी प्रतिनियुक्ति से होगी शुरुआत, फिर नियमित भर्ती
SOG के लिए स्वीकृत 44 पदों पर प्रारंभ में जवानों को प्रतिनियुक्ति के आधार पर भेजा जाएगा। इनकी प्रशिक्षण प्रक्रिया एनएसजी ट्रेनिंग सेंटर में ही होगी। SOG का कार्यक्षेत्र NSG के समान होगा—जिसमें आतंकी हमलों से निपटना, वीआईपी सुरक्षा, बंधक बनाये जाने की स्थिति में रेस्क्यू ऑपरेशन, हाइजैक जैसी स्थितियों में कार्रवाई और बम निष्क्रिय करना शामिल है। इसमें केवल शारीरिक रूप से सक्षम और योग्य अधिकारियों तथा जवानों को शामिल किया जाएगा। भविष्य में इस बल में नियमित भर्ती की जाएगी और पदों की संख्या 100 तक पहुंचाई जाएगी।
पिछली भर्ती प्रक्रिया में बस्तर संभाग के सात जिलों—बस्तर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बीजापुर, नारायणपुर, सुकमा और कांकेर—में 3100 बस्तर फाइटर नियुक्त किए गए थे, प्रत्येक जिले में लगभग 300 जवानों की पोस्टिंग हुई थी। इस बार भी इन्हीं जिलों में 3200 नए पदों पर स्थानीय युवाओं की भर्ती की जाएगी।
आंतरिक सुरक्षा के लिए IRBN की तैनाती
राज्य सरकार द्वारा भारतीय रिजर्व बटालियन (IRBN) की स्थापना की जा रही है, जिसमें शीघ्र ही 1007 पदों पर भर्ती की जाएगी। यह बल मुख्य रूप से राज्य की कानून-व्यवस्था बनाए रखने और उग्रवाद जैसी स्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। चयनित जवानों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा ताकि वे जटिल परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें।
औद्योगिक सुरक्षा की जिम्मेदारी अब स्थानीय बल को
राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (SISF) का गठन CISF की तर्ज पर किया जा रहा है, जिसमें प्रारंभिक चरण में 500 पदों पर भर्ती की जाएगी। यह बल राज्य की महत्वपूर्ण औद्योगिक इकाइयों, खदानों और संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा। इसके अतिरिक्त, यह बल आपदा प्रबंधन, अग्निशमन सेवाओं और वीआईपी सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग प्रदान करेगा। खदानों की सुरक्षा अब राज्य की स्थानीय फोर्स के हाथों में होगी।
विशेष बलों में बड़े पैमाने पर रोजगार, युवाओं को मिलेगा लाभ
राज्य में विशेष सुरक्षा बलों के गठन के साथ-साथ पुलिस विभाग में भी व्यापक स्तर पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इससे राज्य के युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
- विजय शर्मा, उप मुख्यमंत्री
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


