भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई। मशहूर WWE रेसलर द ग्रेट खली, जिनका असली नाम दलीप सिंह राणा है, हाल ही में भिलाई के सेक्टर-9 स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे। उन्हें यह मंदिर विशेष रूप से पसंद आया, जिसे वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन ने भव्य और सुव्यवस्थित रूप में तैयार कराया है। खली ने बताया कि कुछ समय पहले विधायक सेन ने उन्हें वीडियो कॉल के माध्यम से मंदिर दिखाया था, तभी उन्होंने हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर भिलाई आने का निश्चय कर लिया था।
खली ने कहा कि इस मंदिर में प्रभु हनुमान की इतनी अद्भुत ऊर्जा है कि उन्होंने अपने कार्यक्रमों को पीछे करते हुए जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर भिलाई पहुंचने का फैसला लिया। मंदिर में दर्शन के बाद उन्हें विधायक रिकेश सेन के साथ मिलकर हनुमानजी का अभिषेक करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ, जिसे उन्होंने अपने जीवन का एक विशेष क्षण बताया।
हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में खली ने चौक पर इकट्ठा हुई भक्तों की भारी भीड़ के बीच हिस्सा लिया। मंच से बोलते हुए उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और राष्ट्र निर्माण तथा अपने भविष्य को संवारने के लिए सकारात्मक कार्यों की दिशा में निरंतर आगे बढ़ते रहें।
विज्ञापन
उन्होंने युवाओं को खेलों के प्रति समर्पण और परिश्रम के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। खली ने बताया कि कैसे उन्होंने मजदूरी जैसे कठिन कार्य करते हुए भी WWE में अंडरटेकर जैसे रेसलर को मात देने का सपना साकार किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को भी इसी तरह संघर्ष और मेहनत के बल पर ऊंचाइयों तक पहुंचने की कोशिश करनी चाहिए।
खली ने विधायक रिकेश सेन की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका जीवन भी संघर्षों से भरा रहा है। 24 वर्षों से वे जनता की सेवा करते आए हैं और उनकी मेहनत और समर्पण के चलते ही वे विधायक बने हैं। खली ने बताया कि आज उन्हें दुबई में होना था, लेकिन भिलाईवासियों का प्रेम और हनुमानजी की अपार शक्ति उन्हें यहां खींच लाई।
रेसलर दलीप सिंह राणा ने कहा कि छत्तीसगढ़, जो भगवान श्रीराम का ननिहाल है, वहां आकर वे खुद को धन्य मानते हैं। उन्होंने खुद को एक कट्टर सनातनी बताते हुए सभी से आग्रह किया कि किसी भी परिस्थिति में अपने धर्म से विमुख न हों और किसी भी लोभ या दबाव में आकर धर्म परिवर्तन न करें। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें प्रभु श्रीराम और वीर हनुमान में अटूट श्रद्धा है और सनातनी होने पर गर्व है।
हनुमानजी का अभिषेक करने के बाद द ग्रेट खली ने महाआरती में भी भाग लिया। इस अवसर पर विधायक रिकेश सेन और भाजपा जिलाध्यक्ष पुरूषोत्तम देवांगन ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में खली ने भिलाईवासियों से अपील की कि वे हनुमान जन्मोत्सव के दिन ज़रूर उपस्थित हों, क्योंकि रामायण में हनुमानजी की भूमिका निभाने वाले महान रेसलर दारा सिंह के बेटे विंदू दारा सिंह
सेक्टर-9 मंदिर में दर्शन के लिए आ रहे हैं। खली ने बताया कि वे दुबई यात्रा के चलते अगले दिन शामिल नहीं हो पाएंगे, लेकिन भक्तों से आग्रह किया कि वे समय पर पहुंचकर भव्य अभिषेक कार्यक्रम का हिस्सा जरूर बनें।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


