कर्ज से टूटे कारोबारी परिवार के 7 लोगों ने एक साथ की आत्महत्या! पंडित धीरेंद्र शास्त्री की कथा से लौटते समय कार में दी जान..

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : हरियाणा के पंचकूला में दिल दहला देने वाला मामला, सुसाइड नोट में लिखा – “मैं बर्बाद हो चुका हूं”

हरियाणा के पंचकूला में सोमवार देर रात एक ही परिवार के 7 सदस्यों ने आत्महत्या कर ली। सभी ने ज़हर खाकर अपनी जान दी। ये सभी लोग कार में मृत मिले, जो उनके घर के बाहर खड़ी थी। पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर भेजा गया, जहां एक शख्स जीवित मिला, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले उसने भी दम तोड़ दिया।

पंचकूला आत्महत्या मामला – कार में मिले 7 शव, आर्थिक तंगी बनी वजह

परिवार पंचकूला के मनसा देवी कॉम्प्लेक्स स्थित एक किराए के मकान में रह रहा था। मृतकों में प्रवीण मित्तल, उनकी पत्नी रीना, मां विमला, पिता देशराज, 11 साल की जुड़वां बेटियां हिमशिखा और दलिशा तथा 14 वर्षीय बेटा हार्दिक शामिल हैं। प्रवीण ने देहरादून में टूर एंड ट्रैवल्स का काम शुरू किया था, जिसमें भारी नुकसान उठाना पड़ा।

विज्ञापन

    अधिक जानकारी के लिए यहाँ क्लिक करे 

सभी सोमवार को बागेश्वर धाम के बाबा धीरेंद्र शास्त्री की कथा में शामिल हुए थे। कथा से लौटते समय उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस को घटनास्थल से दो पन्नों का सुसाइड नोट मिला, जिसमें लिखा गया, “मैं पूरी तरह कंगाल हो चुका हूं।” इस नोट में कुछ लोगों का जिक्र है, जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है।

प्रत्यक्षदर्शी की आपबीती:

• कार घर के बाहर खड़ी थी: सेक्टर 27 स्थित मकान नंबर 1204 के निवासी हर्ष ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे उनके मकान मालिक टहल रहे थे। उन्होंने देखा कि घर के बाहर एक हुंडई ऑरा कार खड़ी है। पास जाकर झांका तो उसमें लोग बैठे थे, जिनमें से कुछ बेसुध दिखाई दिए।

• एक व्यक्ति था होश में: हर्ष ने बताया कि कार के अंदर सिर्फ एक शख्स होश में था, जिसने खुद को प्रवीण मित्तल बताया। उसने कहा कि वे सेक्टर 5 में धीरेंद्र शास्त्री की कथा में गए थे और होटल न मिलने पर कार में रुक गए। बातों में कुछ गड़बड़ लगी, तो गाड़ी की जांच की।

• उल्टी की हालत में मिले लोग: कार के अंदर सभी ने उल्टी की हुई थी। प्रवीण को बाहर निकाला गया, वह बुरी तरह कांप रहा था। उसने भी ज़हर पी लिया था। उसे पानी देने की कोशिश की गई। उसने बताया कि कार में उसकी मां, पत्नी, पिता और तीनों बच्चे भी हैं। और यह भी कहा – "हम पर भारी कर्ज है, इसलिए हमने आत्महत्या कर ली।"

• पुलिस को दी गई सूचना: इसके बाद पुलिस को 112 नंबर पर कॉल कर घटना की जानकारी दी गई। प्रवीण को पुलिस की गाड़ी से अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कार से मिला सुसाइड नोट

पुलिस को कार से दो पन्नों का सुसाइड नोट मिला, जिसमें प्रवीण ने लिखा – “मैं बर्बाद हो चुका हूं, सारी गलती मेरी है। मेरे ससुराल वालों को कुछ मत कहना। अंतिम संस्कार की सारी जिम्मेदारी मेरे मामा के बेटे को सौंपी जाए।” यह पूरा नोट अब पुलिस अधिकारियों की जांच में है।

परिजनों की प्रतिक्रिया:

• 1 करोड़ का कर्ज लिया था: प्रवीण के ससुर राकेश गुप्ता के अनुसार, प्रवीण मूल रूप से हिसार के बरवाला का निवासी था। करीब 10 साल पहले उसने कारोबार के लिए 1 करोड़ का लोन लिया था और फिर देहरादून जाकर टूर एंड ट्रैवल्स का काम शुरू किया, जिसमें भारी नुकसान हुआ। बीते 10 साल से परिवार का उनसे कोई संपर्क नहीं था।

• हाल ही में पंचकूला लौटा था: राकेश ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें खबर मिली थी कि प्रवीण का परिवार वापस पंचकूला आ गया है। वे मनसा देवी कॉम्प्लेक्स में किराए के मकान में रह रहे थे। उन्होंने बेटी की मदद की थी, घर दिलवाया और किराया भी भर रहे थे। सोमवार रात 4 बजे पुलिस उनके घर पहुंची, तब जाकर पूरी बात सामने आई।

विज्ञापन

• बैंक ने भगोड़ा घोषित किया: प्रवीण की साली राखी गुप्ता ने कहा कि जब वह लोन नहीं चुका पाया तो बैंक ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया। कुछ महीने पहले रीना बच्चों के स्कूल में मिली थी, उसने बच्चों का एडमिशन भी करवाया था।

• टैक्सी चलाने लगा था: प्रवीण के मामा के बेटे संदीप अग्रवाल के मुताबिक, वह पहले पंचकूला में स्क्रैप का कारोबार करता था और 12 साल पहले हिसार से यहां आया था। बाद में देहरादून में 20 करोड़ रुपये तक का कर्ज हो गया। उसे जान से मारने की धमकियां भी मिल रही थीं। हाल ही में वह टैक्सी चला रहा था। संदीप ने बताया कि पांच दिन पहले ही उनकी प्रवीण से बात हुई थी।

बुराड़ी जैसी घटना की याद दिलाई

यह मामला साल 2018 की दिल्ली के बुराड़ी कांड से मिलता-जुलता है, जहां एक ही परिवार के 11 लोगों ने सामूहिक रूप से आत्महत्या की थी। 10 लोग फांसी पर लटके मिले थे, जबकि एक बुजुर्ग महिला का शव कमरे में मिला था। कहा गया कि परिवार एक आत्मा के निर्देश पर वर्षों से डायरी में लिखे मुताबिक कर्मकांड कर रहा था। इसी के तहत 30 जून की रात सभी की मौत हो गई थी।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/H8ycgPvlgfBFPAHM2dXPhK