पेट में छिपाकर लाया गया 300 ग्राम सोना, सऊदी से लौटे 6 लोगों का अपहरण, गैंग पेट चीर सोना निकलने को था तैयार, तभी..

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : पेट में छिपाकर लाया गया 300 ग्राम सोना, सऊदी से लौटे 6 लोगों का अपहरण, गैंग पेट चीरने को था तैयार

यूपी , मुरादाबाद – सऊदी अरब से लौटे छह युवकों में से चार के पेट से 300 ग्राम सोना बरामद हुआ है। शुक्रवार को इनका अपहरण कर लिया गया था। आरोप है कि बदमाश उनके पेट चीरकर सोना निकालने की तैयारी कर रहे थे। मुरादाबाद पुलिस ने सभी को सकुशल छुड़ा लिया है।

सऊदी से लौटे युवकों के पेट से बरामद हुआ 300 ग्राम सोना – मुरादाबाद तस्करी केस

शुरुआती जांच में पता चला कि ये सभी युवक सऊदी अरब में काम करते हैं। दिल्ली एयरपोर्ट से लौटते समय रामपुर जिले के टांडा इलाके के रहने वाले शाने मोहम्मद नावेद, जाहिद अली, शाने आलम, मुतल्लवी, अजहरुद्दीन और जुल्फेकार को मुरादाबाद-लखनऊ हाइवे पर पुराने टोल प्लाजा के पास रोका गया था।

विज्ञापन

                                                                   


बदमाश बने थे जांच एजेंसी के अधिकारी

अपहरणकर्ताओं ने खुद को किसी जांच एजेंसी का अधिकारी बताया और गाड़ी की तलाशी लेने लगे। बाद में हथियारों के दम पर सभी छह लोगों और गाड़ी के ड्राइवर को अगवा कर लिया गया और रोंडा रोड स्थित एक फार्म हाउस में ले जाया गया। बदमाशों को शक था कि सऊदी से लौटे लोग पेट में सोना छिपाकर लाए हैं।

अल्ट्रासाउंड में खुला तस्करी का राज
पुलिस ने जब अगवा किए गए सभी छह लोगों को छुड़ाया, तो शनिवार को जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराया गया। रिपोर्ट में साफ हुआ कि चार लोगों के पेट में सोने के कैप्सूल हैं। इनमें शाने आलम, मुतल्लवी, अजहरुद्दीन और जुल्फेकार के पेट में सोना मिला, जबकि नावेद और जाहिद के पेट में कुछ नहीं मिला।

कैप्सूल से निकला 300 ग्राम सोना
जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि अब तक 300 ग्राम सोना पेट से निकाला जा चुका है। इन कैप्सूल्स का वजन औसतन 25 ग्राम है। डॉक्टरों ने चारों को विशेष आहार और दवाइयाँ दीं जिससे बाकी कैप्सूल एनिमा की मदद से निकाले जा सकें। कुल 9 कैप्सूल अब तक बरामद हुए हैं।

बदमाशों की थी पक्की जानकारी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बदमाशों को इस बात की पुख्ता खबर थी कि ये लोग तस्करी करके सोना ला रहे हैं। उन्होंने फार्म हाउस पर पहले से ही खाने-पीने और दवाओं का इंतजाम कर रखा था, ताकि पेट से सोना निकाला जा सके।

पेट चीरने की थी साजिश, शोर मचाने से बचे लोग
जब कैप्सूल निकालने में देरी हुई तो बदमाश पेट चीरने की धमकी देने लगे। इसी दौरान एक व्यक्ति किसी तरह मौके से भाग निकला और शोर मचा दिया। आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।

विज्ञापन

एनकाउंटर में दो बदमाश दबोचे गए

पुलिस के पहुंचते ही बदमाश भागने लगे। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। एक उत्तराखंड के काशीपुर का है और दूसरा मुरादाबाद के रामपुर दोराहा इलाके का निवासी है। बाकी चार बदमाश मौके से फरार हो गए। पकड़े गए दोनों आरोपियों को घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तस्करों पर दर्ज हुआ मुकदमा, कस्टम विभाग को सूचना
चारों सोना लाने वालों पर तस्करी का केस दर्ज किया गया है। कस्टम विभाग को इस संबंध में जानकारी दे दी गई है। सभी तस्करों को पुलिस सुरक्षा में रखा गया है और उनके पेट से बाकी कैप्सूल निकालने की प्रक्रिया जारी है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/H8ycgPvlgfBFPAHM2dXPhK