(यूपी) बदायूं। शादी की खुशियां अभी खत्म भी नहीं हुई थीं कि एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। विदाई के बाद पहली ही रात दूल्हे को सोते समय सांप ने डस लिया। सुबह उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद नवविवाहिता और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
परंपरा के अनुसार, नवविवाहित दंपति को कमरे में जमीन पर बिस्तर लगाकर सुलाया गया था। रात में सोते समय किसी जहरीले सांप ने बबलू मौर्य की गर्दन पर डस लिया। सुबह जब उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ी तो परिजनों में हड़कंप मच गया और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने जांच के बाद बबलू मौर्य को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि उनकी गर्दन पर सांप के डसने का निशान मिला था।
अस्पताल के बाद भी नहीं टूटी परिवार की उम्मीद
डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद भी परिजनों ने उम्मीद नहीं छोड़ी। वे पहले उन्हें सहसवान के एक निजी अस्पताल ले गए और उसके बाद दोबारा राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां भी डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। सांसें लौट आने की उम्मीद में वे शव को लेकर तांत्रिकों और सपेरों के पास पहुंचे, जहां देर शाम तक झाड़-फूंक कराई जाती रही।
इस दर्दनाक घटना के बाद नवविवाहिता गहरे सदमे में है। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम का माहौल छाया हुआ है।
ऐसी ही देश और प्रदेश की भरोसेमंद और ताज़ा खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। खबर उपयोगी लगी हो तो इसे अपने दोस्तों और परिवार के साथ जरूर साझा करें।

.jpg)