अजब गजब मामला: चोर को सताया तंत्र-मंत्र का डर, 19 लाख रुपये बैग में भरकर घर के बाहर छोड़ गया..

आंध्र प्रदेश के पलनाडु जिले के नरसाराओपेट कस्बे में चोरी की एक घटना ने पुलिस और स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया है। बंद मकान से 20 लाख रुपये नकद और 317 ग्राम सोने के गहने चोरी होने के कुछ दिन बाद पीड़ित परिवार के घर के बाहर 19 लाख रुपये से भरा बैग और हाथ से लिखा पत्र मिला।

चोरी के बाद 19 लाख रुपये लौटाने वाला चोर

मामला प्रकाश नगर स्थित बालाजी आर्केड अपार्टमेंट का है। यहां रहने वाले आदि नारायण रेड्डी और उनकी पत्नी कोटेश्वरम्मा 30 जुलाई को एक रिश्तेदार की मौत के चलते गांव गए थे।

दंपति जब वापस घर पहुंचा तो मकान का ताला टूटा हुआ था। अंदर जांच करने पर अलमारी से 20 लाख रुपये नकद और 317 ग्राम सोने के आभूषण गायब मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और जांच शुरू हुई।

पुलिस के सामने शुरुआती जांच में एक अहम बात सामने आई। अपार्टमेंट में लगे CCTV कैमरों में कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर नहीं आया था। जांच के दौरान पता चला कि यहां हर सुबह करीब 30 मिनट के लिए बिजली बंद रहती थी। आशंका है कि इसी अवधि का फायदा उठाकर चोरी की गई।

19 लाख रुपये और चिट्ठी ने बदला मामला:

चोरी के कुछ दिन बाद आदि नारायण रेड्डी के घर के बाहर चप्पल की दुकान के पास एक बैग पड़ा मिला। बैग की जांच करने पर उसमें 19 लाख रुपये नकद रखे मिले। इसके साथ एक हाथ से लिखा पत्र भी था।

पत्र में चोर ने बताया कि वह अपने हिस्से में आए रुपये वापस कर रहा है। हालांकि, उसने सोने के आभूषणों के संबंध में उससे कोई सवाल नहीं करने की बात कही।

चिट्ठी में पीड़ित परिवार से यह भी अनुरोध किया गया था कि चोरों का पता लगाने के लिए ‘अंजनम’ का इस्तेमाल न किया जाए और किसी तरह का तंत्र-मंत्र न कराया जाए।

‘अंजनम’ के डर की चर्चा:

स्थानीय स्तर पर यह बात चर्चा में थी कि परिवार चोरी में शामिल लोगों की पहचान और उनका ठिकाना पता करने के लिए तांत्रिकों की मदद से ‘अंजनम’ कराने की तैयारी कर रहा है। बताया जा रहा है कि यह जानकारी चोरों तक पहुंची, जिसके बाद वे पकड़े जाने या किसी अनहोनी की आशंका से डर गए और 19 लाख रुपये वापस कर दिए।

पुलिस को परिचित व्यक्ति पर शक:

चोरी की जांच अब इस दिशा में भी आगे बढ़ रही है कि वारदात में किसी करीबी या अपार्टमेंट की व्यवस्था से परिचित व्यक्ति की भूमिका हो सकती है। इसकी वजह यह है कि आरोपी को हर सुबह बिजली बंद रहने की 30 मिनट की अवधि की जानकारी होने की आशंका है।

पुलिस ने बरामद किए गए पत्र को लिखावट और फिंगरप्रिंट के मिलान के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब यानी FSL भेजा है। वहीं, चोरी हुए सोने के गहनों को लेकर यह संभावना जताई जा रही है कि उनका आपस में बंटवारा हो चुका है या उन्हें बेच दिया गया है।

फिलहाल 19 लाख रुपये की वापसी और ‘अंजनम’ का जिक्र करती चिट्ठी इस मामले का सबसे असामान्य पहलू बनी हुई है। पुलिस अब FSL की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे चोरी की घटना से जुड़े लोगों तक पहुंचने में मदद मिल सके।