भिलाई के बैंक में 4 फीट का अजगर! मचा हड़कंप, इलेक्ट्रिक पैनल में छिपा था सांप, रेस्क्यू के बाद शिवनाथ नदी किनारे छोड़ा

भिलाई के सिविक सेंटर स्थित यूनियन बैंक में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 4 फीट लंबा अजगर इलेक्ट्रिक पैनल के भीतर दिखाई दिया। घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की है। उस समय बैंक कर्मचारी लंच की तैयारी में थे।

भिलाई के सिविक सेंटर स्थित यूनियन बैंक के इलेक्ट्रिक पैनल से 4 फीट लंबे अजगर का रेस्क्यू

एक कर्मचारी की नजर जैसे ही इलेक्ट्रिक पैनल पर पड़ी, उसे अंदर से अजगर की पूंछ बाहर आती दिखी। सांप को देखते ही कर्मचारियों के बीच हलचल शुरू हो गई। तुरंत इसकी सूचना रेस्क्यू टीम को दी गई।

अजगर के बैंक के अंदर मिलने के कारण कामकाज रोकना पड़ा। लेन-देन और अन्य बैंकिंग कार्यों के लिए पहुंचे ग्राहकों को भी काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।

कर्मचारियों ने मामले की जानकारी भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के इलेक्ट्रिकल विभाग के हेड ऑफिस को फोन के जरिए दी। इस बीच बैंक में अजगर मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया।

बिजली बंद करने के बाद शुरू हुआ रेस्क्यू:
सूचना मिलने पर इलेक्ट्रिकल विभाग के कर्मचारी बैंक पहुंचे। अजगर इलेक्ट्रिक पैनल के अंदर मौजूद था, इसलिए रेस्क्यू शुरू करने से पहले बिजली की सप्लाई बंद की गई।

इसके बाद कर्मचारियों ने सावधानी के साथ अजगर को पैनल से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की। काफी प्रयास के बाद करीब 4 फीट लंबे अजगर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

अजगर जहरीला सांप नहीं होता है, लेकिन इलेक्ट्रिक पैनल के भीतर उसके पाए जाने से बैंक में मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों के बीच डर का माहौल बन गया था। बिजली के पैनल में रेस्क्यू किए जाने के कारण पूरी प्रक्रिया के दौरान विशेष सावधानी बरती गई, ताकि कोई दुर्घटना न हो।

शिवनाथ नदी के किनारे जंगल में छोड़ा गया:
अजगर के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद बैंक कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद इलेक्ट्रिक पैनल की जांच की गई। स्थिति सामान्य होने पर बैंक का काम फिर से शुरू कर दिया गया।

घटना के दौरान बैंक पहुंचे कई ग्राहक अपने जरूरी काम के लिए इंतजार करते रहे। रेस्क्यू किए गए अजगर को बाद में शिवनाथ नदी से लगे जंगल में छोड़ दिया गया।