दुर्ग बस स्टैंड में कार सवार युवकों से मारपीट और लूट, दो आरोपी व दो नाबालिग गिरफ्तार; CCTV फुटेज आया सामने

दुर्ग बस स्टैंड के मुख्य गेट के पास 18 अगस्त की सुबह कार सवार युवकों के साथ मारपीट और सामान लूटने का मामला सामने आया है। बताया गया कि बस का दरवाजा कार से टकराने के बाद शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में मारपीट और लूट तक पहुंच गया। घटना में कार के कांच भी क्षतिग्रस्त हुए। पुलिस ने मामले में दो युवकों के साथ दो नाबालिगों को पकड़ा है। घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है।

दुर्ग बस स्टैंड मारपीट और लूट मामला

प्रार्थी सूरज साहू के अनुसार, वह 17 अगस्त की रात अपने जीजा का जन्मदिन मनाने के बाद अमलेश्वर से दुर्ग लौट रहे थे। उनके साथ रवि साहू, राहुल साहू और राजा उर्फ राजकुमार भी मौजूद थे। 18 अगस्त को सुबह करीब 3 से 3:30 बजे के बीच वे दुर्ग बस स्टैंड के मुख्य गेट के पास चाय पीने के लिए रुके।

इसी समय अरबानिया बस उनकी बलेनो कार के पास आकर रुकी। बस से नीचे उतर रहे एक युवक ने दरवाजा खोला, जो कार से जा टकराया और कार में डेंट पड़ गया। इस पर रवि ने युवक से दरवाजा खोलते समय सावधानी रखने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद युवक ने बस में मौजूद अपने अन्य साथियों को बुला लिया।

बीच-बचाव के दौरान बढ़ा विवाद

शिकायत के मुताबिक, बस से चार युवक नीचे उतरे और रवि साहू के साथ मारपीट करने लगे। सूरज और उसके साथी जब मामले को शांत कराने पहुंचे तो उनके साथ भी गाली-गलौज की गई और हाथ-मुक्कों से मारपीट हुई।

पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान एक आरोपी ने कटर दिखाकर काटने की धमकी दी।

मोबाइल और नकदी ले जाने का आरोप

सूरज ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान उसका सैमसंग मोबाइल और रवि साहू का आईक्यू कंपनी का मोबाइल ले लिया गया। कार के आगे और पीछे के शीशों के अलावा दाहिनी तरफ की खिड़की का कांच भी तोड़ने की बात कही गई है।

शिकायत के अनुसार, कार के डैशबोर्ड में रखे करीब 5 हजार रुपये भी आरोपी ले गए। इसके बाद सभी आरोपी बस में सवार होकर वहां से निकल गए।

दो युवकों को चोट लगने की बात

मारपीट में रवि साहू के बाएं हाथ की हथेली और सिर में चोट आई। वहीं राजा उर्फ राजकुमार के नाक और सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद युवकों ने अपने परिवार और परिचितों को पूरे मामले की जानकारी दी।

FIR दर्ज कराने में देरी का आरोप

रवि साहू का कहना है कि घटना के बाद वह करीब सुबह 4 बजे पद्मनाभपुर थाना पहुंचा था। वहां आवेदन लिखवाने के बाद उसे सुबह 11 बजे आने के लिए कहा गया। दोबारा थाने पहुंचने पर थाना प्रभारी ने कथित तौर पर आरोपियों के नाम, मोबाइल नंबर और CCTV फुटेज उपलब्ध कराने को कहा।

रवि के मुताबिक, वह दोपहर करीब 3:30 बजे आरोपियों से संबंधित जानकारी और CCTV फुटेज लेकर फिर थाने पहुंचा, लेकिन उस समय FIR दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उसने CSP कार्यालय जाकर शिकायत की।

शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई

CSP दुर्ग हर्षित मैहर के अनुसार, शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने BNS की धारा 309(6) सहित संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की और आरोपियों की गिरफ्तारी की।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पूरन निषाद (19) और कोमल निषाद (32) शामिल हैं। इनके अलावा दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है।

मामले में BNS की धारा 115(2), 296, 3(5), 309(6) और 351(3) के तहत कार्रवाई की गई है।