छत्तीसगढ़ में पहली बार 10 KG का स्मार्ट गैस सिलेंडर! 15 अगस्त से रायपुर में शुरुआत, ऐप से बुकिंग और 4 घंटे में होम डिलीवरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए 15 अगस्त से रसोई गैस से जुड़ी एक नई सुविधा शुरू होने जा रही है। पहली बार राज्य में 10 किलो का हल्का और पारदर्शी गैस सिलेंडर उपलब्ध होगा। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि मोबाइल ऐप से बुकिंग करने के बाद महज 4 घंटे के भीतर सिलेंडर घर तक पहुंचा दिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ में पहली बार 10 KG का स्मार्ट गैस सिलेंडर | 15 अगस्त से ऐप बुकिंग पर 4 घंटे में होम डिलीवरी

मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह सुविधा सबसे पहले रायपुर में शुरू होगी। इसके बाद इसे चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के सभी जिलों में लागू किया जाएगा। यह सिलेंडर पारंपरिक लोहे के सिलेंडर की तुलना में काफी हल्का है, जिससे इसे उठाना और कहीं भी ले जाना आसान होगा। इसकी पारदर्शी बॉडी के कारण बाहर से ही यह देखा जा सकेगा कि अंदर कितनी गैस बची हुई है।

नया कनेक्शन लेने के लिए करीब 3 हजार रुपये जमा करने होंगे। इसके अलावा रेगुलेटर के लिए 250 रुपये अलग से देने होंगे। यह जमा राशि केवल एक बार ली जाएगी और कनेक्शन बंद कराने पर वापस कर दी जाएगी। यानी यह राशि सिलेंडर के बदले अमानत के रूप में रहेगी। रायपुर में इस सिलेंडर की एक रिफिल की कीमत 715 से 730 रुपये के बीच रहेगी।

जानिए इस नए सिलेंडर की खास बातें

  • नया कनेक्शन करीब 3 हजार रुपये में मिलेगा।

  • जमा की गई राशि कनेक्शन वापस करने पर रिफंड कर दी जाएगी।

  • पारंपरिक लोहे के सिलेंडर की तुलना में यह काफी हल्का और जंग-रहित है।

  • पारदर्शी बॉडी होने से गैस का लेवल आसानी से देखा जा सकता है।

  • यह फाइबर ग्लास और पॉलीमर से बना है, जिससे दुर्घटना का खतरा काफी कम माना जाता है।

  • इसे नजदीकी गैस एजेंसी से या पेट्रोलियम कंपनियों के मोबाइल ऐप के जरिए बुक कराया जा सकता है।

हर उपभोक्ता ले सकेगा नया सिलेंडर

जिले में जिन उपभोक्ताओं के पास पहले से घरेलू गैस कनेक्शन है, वे भी अमानत राशि जमा कर यह 10 किलो वाला सिलेंडर ले सकेंगे। नया कनेक्शन लेने के लिए आधार कार्ड, आवेदन फॉर्म और एक शपथ पत्र जमा करना होगा।

यह सिलेंडर विशेष रूप से आपातकालीन जरूरतों, अकेले रहने वाले लोगों और पिकनिक या यात्रा पर जाने वालों के लिए उपयोगी माना जा रहा है। आसान उपलब्धता के कारण इसे कोई भी उपभोक्ता ले सकेगा।

बीपीसीएल डिस्ट्रीब्यूटर संघ के प्रदेशाध्यक्ष मुरारी गौर के अनुसार, 15 अगस्त से बीपीसीएल की सभी एजेंसियों में 10 किलो वाला सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। कनेक्शन के लिए एक बार सुरक्षा राशि जमा करनी होगी। इसके बाद केवल रिफिल का शुल्क देना होगा और ऐप से बुकिंग के करीब 4 घंटे के भीतर सिलेंडर घर पहुंचा दिया जाएगा।

ऐसी ही छत्तीसगढ़ की ताजा और भरोसेमंद स्थानीय खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें।