रायपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की तिरंगा फहराते हुए तस्वीर को लेकर विवाद सामने आया है। BJP प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने कांग्रेस IT सेल नेता अरुण साहू के खिलाफ FIR दर्ज की है।
मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अरुण साहू ने नितिन नबीन की तिरंगा फहराने वाली तस्वीर में कथित रूप से बदलाव कर उसे सोशल मीडिया पर साझा किया। भाजपा की ओर से इसे भ्रामक जानकारी फैलाने और नितिन नबीन की छवि खराब करने की कोशिश बताया गया है।
शिकायत के मुताबिक, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के दौरान नितिन नबीन ने अपने निवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया था। इससे संबंधित फोटो और वीडियो भी उपलब्ध होने की बात शिकायत में कही गई है।
भाजपा का आरोप है कि बेमेतरा जिला अध्यक्ष (IT सेल, छत्तीसगढ़ कांग्रेस) अरुण साहू ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर राष्ट्रीय ध्वज की तस्वीर में कथित छेड़छाड़ कर उसे साझा किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पोस्ट के जरिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नबीन को बदनाम करने का प्रयास किया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, बाद में अरुण साहू ने संबंधित पोस्ट सोशल मीडिया से हटा दिया। शिकायत के साथ उस पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी लगाया गया है।
इन धाराओं में दर्ज हुई FIR
सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम की धारा 2 और BNS की धारा 356 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट, उसके स्रोत और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर साधा निशाना
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस नेताओं की ओर से राष्ट्रध्वज और भाजपा नेताओं को लेकर बिना फैक्ट चेक किए सोशल मीडिया पर अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। श्रीवास ने राष्ट्रध्वज और राष्ट्रपर्व से जुड़े आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।

.jpg)