नर्सिंग एडमिशन की लास्ट डेट 31 अगस्त, काउंसलिंग नियमों में किए गए अहम बदलाव..

नर्सिंग पाठ्यक्रमों में दाखिले की काउंसलिंग व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब विद्यार्थी काउंसलिंग के प्रत्येक राउंड में रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। वहीं, प्रवेश की अंतिम तारीख बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी गई है।

नर्सिंग एडमिशन में बड़ा बदलाव

चिकित्सा शिक्षा विभाग ने प्राइवेट नर्सिंग कॉलेज संगठन की लंबे समय से चली आ रही मांगों को स्वीकार करते हुए प्रवेश प्रक्रिया में कई संशोधन किए हैं। इन बदलावों के बाद विद्यार्थियों को काउंसलिंग के दौरान पहले की तुलना में अधिक अवसर मिलेंगे।

नई व्यवस्था के अनुसार, जो विद्यार्थी किसी राउंड में रजिस्ट्रेशन नहीं कर पाए हैं, वे अगले राउंड में पंजीयन कर काउंसलिंग में शामिल हो सकेंगे। पहले ऐसे विद्यार्थियों को अंतिम राउंड का इंतजार करना पड़ता था।

काउंसलिंग के किसी चरण में यदि विद्यार्थी प्रवेश नहीं लेना चाहता है, तो अब उसे स्क्रूटनी कराने की आवश्यकता नहीं होगी। पुरानी व्यवस्था में प्रवेश से इनकार करने पर भी विद्यार्थी को संबंधित कॉलेज जाकर स्क्रूटनी प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती थी। नए नियम से इस अतिरिक्त प्रक्रिया से राहत मिलेगी।

सरकारी कॉलेज में नाम आने के बाद भी दूसरा विकल्प

काउंसलिंग में एक और महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। यदि किसी विद्यार्थी का चयन शासकीय नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश के लिए हो जाता है, लेकिन वह वहां दाखिला नहीं लेता, तो उसकी काउंसलिंग प्रक्रिया समाप्त नहीं होगी।

ऐसे विद्यार्थी अगले चरण में किसी दूसरे निजी नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश के लिए विकल्प चुन सकेंगे। पहले शासकीय कॉलेज में नाम आने के बाद प्रवेश नहीं लेने पर विद्यार्थी को काउंसलिंग से बाहर कर दिया जाता था।

इस व्यवस्था के कारण निजी नर्सिंग कॉलेज में दाखिला लेने की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों के विकल्प सीमित हो जाते थे। नए बदलाव के बाद उन्हें आगे की काउंसलिंग में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

प्राइवेट नर्सिंग कॉलेज संगठन ने प्रवेश प्रक्रिया में किए गए संशोधनों का स्वागत किया है। संगठन ने विद्यार्थियों के हित में निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।