रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में विवाद के दौरान एक युवक की कार से गिरने के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अपनी गर्लफ्रेंड को रोकने के लिए कार के बोनट पर चढ़ गया था। इसके बाद कार करीब 200 मीटर तक आगे बढ़ी और युवक सड़क पर गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान टाटीबंध स्थित उदया सोसायटी निवासी परमप्रीत सिंह के तौर पर हुई है। वह कारोबारी था और एसीपी देवांश सिंह राठौर के मुताबिक ठेकेदारी का काम भी करता था।
राहगीरों से घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने मर्ग कायम किया और मामले की जांच शुरू कर दी।
दोस्त के साथ युवती को देखकर हुआ विवाद
शुक्रवार दोपहर परमप्रीत सिंह महोबा बाजार से एम्स की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी नजर अपनी गर्लफ्रेंड पर पड़ी, जो अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई।
एसीपी देवांश सिंह राठौर के अनुसार, परमप्रीत और युवती एक-दूसरे को करीब 3-4 साल से जानते थे। दोनों परिवारों की ओर से उनकी शादी की बात भी तय हो चुकी थी।
बताया गया है कि युवती अपनी मां को लेने राजिम जाने वाली थी। परमप्रीत ने उसे लेने जाने की बात कही थी। युवती अपने बॉयफ्रेंड से मिलने के लिए दोस्त भरत के साथ दुर्ग से रायपुर आई थी। बाद में परमप्रीत की गाड़ी में ही दोनों के बीच विवाद हुआ।
कार रोकने के बाद बोनट पर चढ़ गया परमप्रीत
विवाद के बाद युवती भरत मंगनानी के साथ वहां से जाने लगी। इससे परमप्रीत नाराज हो गया और उसने दोनों से बहस की। इसी दौरान उसने युवती के दोस्त की कार में टक्कर मार दी।कार रुकने के बाद परमप्रीत उसके बोनट पर चढ़ गया। वह युवती को नीचे उतरने के लिए कह रहा था। इसी दौरान भरत ने कार आगे चला दी।
बताया जा रहा है कि कार लगभग 200 मीटर तक आगे गई। इसके बाद परमप्रीत सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट आई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल परमप्रीत को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी देखना शुरू कर दिया है। मामले से जुड़े घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
फिलहाल कार चला रहे भरत मंगनानी की तलाश की जा रही है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

.jpg)