Bhilia ki Patrika news, पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में एक पिकअप में करंट लगने से 10 कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि 16 गंभीर रूप से झुलस गये। इलाज के लिए घायलो को जलपाईगुड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा मेखलीगंज थाना क्षेत्र के धरला पुल पर देर रात हुआ। जलपेश के शिव मंदिर में पिकअप पर बैठे 27 कांवड़िये जल चढ़ाने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि पिकअप के पीछे डीजे बज रहा था. जनरेटर के तार में शार्ट सर्किट के कारण पिकअप तक करंट आ गया।
करंट लगते ही चालक भाग गया
पिकअप में करंट लगते ही चालक गाड़ी से उतर गया। उसे करंट नहीं लगा। सीताकुची पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया है। हादसा इतना दर्दनाक था कि एक झटके में 10 कांवड़ियों की मौत हो गई। एक-एक कर वे पिकअप से नीचे गिर पड़े। जब तक लोगों को कुछ पता चलता तब तक हादसा हो चुका था। घायल कांवड़ियों की हालत ठीक बताई जा रही है।
माताभंगा थाने के एएसपी अमित वर्मा के अनुसार हादसा रविवार रात करीब 12 बजे हुआ. पिकअप जलपेश जा रही थी। हादसे में घायल कांवड़ियों को पहले पास के चंगरबंधा अस्पताल ले जाया गया।
जहां से 16 की हालत गंभीर होने पर उन्हें जलपाईगुड़ी अस्पताल रेफर कर दिया गया. सभी लोग सीतलकुची थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. एएसपी ने कहा कि चालक की तलाश की जा रही है ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।


