नम आँखों से 19 मृतको का किया गया अंतिम संस्कार , रो पड़ा पूरा गाँव , कवर्धा हादसे के मृतको के अंतिम यात्रा में हुए शामिल उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : कवर्धा. कबीरधाम जिले के बहपानी गांव के पास सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से हर कोई सदमे में है| आज सुबह सेमहरा गांव से एक साथ 19 मजदूरों की शव यात्रा निकली. यह दृश्य देखकर सारा गाँव स्तब्ध रह गया; गांववासियों ने मृतकों को नम आंखों से विदाई दी. मृतक के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी सेमरहा गांव पहुंचे|

आपको बता दें कि कबीरधाम के कुकदूर थाना क्षेत्र के बहपानी गांव के पास सोमवार की दोपहर एक पिकअप अनियंत्रित होकर 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी. इस भयानक हादसे में 18 महिलाओं समेत 19 लोगों की मौत हो गई. 7 से ज्यादा लोग घायल हो गए. घायलों का इलाज जारी है. घटना में घायल हुए सभी लोग आदिवासी समुदाय के सदस्य हैं. ये सभी ग्रामीण जंगल से तेंदू पत्ता संग्रहण कर पिकअप से वापस लौट रहे थे तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ,कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे, समेत अन्य नेताओं ने हादसे पर दुख जताया है|