भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई के कैंप दो स्थित मिलन चौक पर शुक्रवार को गोली चलने का मामला सामने आया है| हत्या के मामले में जेल से छूटे नाबालिग आरोपी पर नकाबपोश बदमाशों ने निशाना साधा था लेकिन किस्मत अच्छी रही और वह बच निकला|
हालांकि, पुलिस गोली चलने की बात से इनकार कर रही है। नकाबपोशों द्वारा हमला किए गए नाबालिग के मामा ने कहा कि उन्होंने गोलियों की आवाज सुनी है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर रिवॉल्वर और तलवार जब्त कर ली है|
दरअसल, जिस नाबालिग को निशाना बनाकर रिवॉल्वर से गोली चलाने की बात सामने आई है वह 21 जनवरी 2024 को हुए शिवम साव हत्याकांड का आरोपी है। इस नाबालिग को आज अदालत में पेश होना था। इसके लिए वह अपने दोस्त करण के साथ कुछ पैसे लेने के लिए अपने मामा साबिर खान के घर गया था|
तभी चार नकाबपोश लोग उन पर पीछे से हमला करने भागे | घटना होते ही नाबालिग और उसका दोस्त बचकर भाग गए। बताया जाता है कि इसी दौरान एक नकाबपोश शख्स ने रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी. हालांकि, गोली किसी को नहीं लगी और दोनों किशोर भागने में सफल रहे|
घटना की जानकारी मिलने के बाद छावनी सीएसपी हरीश पाटिल और थाने के उपनिरीक्षक चेतन चंद्राकर और उनकी टीम मौके पर पहुंची. निगरानी फुटेज में स्पष्ट रूप से एक नकाबपोश व्यक्ति एक नाबालिग को रिवॉल्वर से ताने हुए दिखाई दे रहा है।
पुलिस के मुताबिक फुटेज में गोली चलने के कोई सबूत नहीं हैं| पुलिस का कहना है की फुटेज का बारीकी से अध्ययन करने पर हकीकत स्पष्ट हो जाएगी। इस बीच, शिवम साव हत्याकांड में जेल से छूटे नाबालिग आरोपी के मामा साबिर खान ने कहा कि चार नकाबपोश युवक उनके भांजे और उसके दोस्त करण का पीछा कर रहे थे|
इसी समय एक नकाबपोश आदमी ने रिवॉल्वर से गोली चला दी और बाकी तीन तलवारें और चाकू लेकर दौड़ रहे थे|गौरतलब है कि बीते 21 जनवरी की रात 12वीं कक्षा के छात्र शिवम साव की शारदा पारा इलाके में एक टेंट हाउस से बाहर निकलते समय गाड़ी पीछे करने को लेकर बहस के बाद चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में मिलन चौक से चंद्रेश प्रधान, सुमित चौहान, अनिकेत चौहान और राहुल प्रजापति और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया। जबकि नाबालिग किशोर हाल ही में जेल से बाहर आया था। उसी पर शुक्रवार को हमला हुआ है| इस हमले को शिवम साव हत्याकांड से जुड़ा हुआ माना जा रहा है| पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर
क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7

