भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई-3: आज सुबह साढ़े 11 बजे एक दुखद घटना में, भिलाई-3 के फोरलेन सड़क पर तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की चपेट में आकर एक युवती की मौत हो गई। यह हादसा बिजली कॉलोनी के पहले गेट के पास हुआ।
मृतका मीनाक्षी वर्मा (20 वर्ष) भिलाई-चरोदा नगर निगम में भाजपा पार्षद और नेता प्रतिपक्ष राम खिलावन वर्मा की बेटी थी। पुलिस ने मामले में आरोपी मोटरसाइकिल चालक को हिरासत में ले लिया है।सूत्रों के अनुसार, मीनाक्षी वर्मा अपनी कोचिंग क्लास से लौट रही थी।
वह चरोदा की ओर से आकर ऑटो से भिलाई-3 के रेलवे कॉलोनी के पास उतरी और फोरलेन सड़क को पार कर बिजली कॉलोनी के पहले गेट की ओर जा रही थी। डिवाइडर पर पैदल यात्रियों के लिए छोड़ी गई जगह से वह सड़क पर उतरी ही थी कि दुर्ग से रायपुर की दिशा में तेज रफ्तार से आ रही मोटरसाइकिल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के कारण मीनाक्षी के सिर पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही भिलाई-3 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को शास्त्री अस्पताल सुपेला मरच्यूरी भेज दिया। मृतका मीनाक्षी वर्मा के पिता राम खिलावन वर्मा भिलाई-चरोदा नगर निगम में भाजपा से दो बार पार्षद रह चुके हैं और वर्तमान कार्यकाल में नेता प्रतिपक्ष हैं।
मीनाक्षी चार बहनों में तीसरे नंबर की थी।इस दर्दनाक घटना की खबर सुनकर महापौर निर्मल कोसरे सहित पक्ष और संगठन के सदस्य पोस्टमार्टम के दौरान मर्च्यूरी में उपस्थित रहे। मीनाक्षी की आकस्मिक मौत ने पूरे इलाके को शोक में डूबा दिया है।
पुलिस ने घटना की तफ्तीश शुरू कर दी है और आरोपी मोटरसाइकिल चालक से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, मोटरसाइकिल की गति अत्यधिक तेज थी, जो दुर्घटना का मुख्य कारण बनी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या चालक ने शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन किया था। आरोपी पर कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर
क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7

