भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर के मोहबा बाजार स्थित अशोका बिरयानी होटल में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शाकाहारी सब्जी में मांस का टुकड़ा मिलने की खबर के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। खाद्य विभाग की टीम ने होटल का निरीक्षण किया और क्रॉस-कंटैमिनेशन की समस्या पाई। किचन में शाकाहारी और मांसाहारी सामग्री को एक साथ रखा जा रहा था, जिससे बार-बार शाकाहारी भोजन में मांस के टुकड़े मिल रहे थे।
मिडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जांच में यह भी सामने आया कि किचन का आकार बहुत छोटा था और साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद खराब थी। फ्रिजर में पुराना और बासी खाना बड़ी मात्रा में पाया गया। टीम ने अशुद्ध खाद्य पदार्थों को नष्ट करवा दिया। इस जांच में फूड सेफ्टी ऑफिसर रोशनी राजपूत, एहसान तिग्गा, सतीश राज समेत अन्य स्टाफ शामिल थे।
शुक्रवार को दुर्ग के दो युवक अशोका बिरयानी होटल गए थे और उन्होंने शाकाहारी बटर पनीर सब्जी का ऑर्डर दिया था। जब खाना आया, तो उसमें मांस का बड़ा टुकड़ा मिला। इस घटना के बाद युवकों ने शिकायत की। यह पहली बार नहीं है जब अशोका बिरयानी होटल के विभिन्न ब्रांचों में शाकाहारी भोजन में मांस मिलने की घटनाएं सामने आई हैं।
इसके अलावा, खाद्य विभाग की टीम ने गुढ़ियारी समेत कई इलाकों में संचालित मोमोस सेंटर का भी निरीक्षण किया। मोमोस विक्रेताओं को खाने में रंग न मिलाने और पुराना खाद्य पदार्थ न इस्तेमाल करने की सख्त हिदायत दी गई। कई सेंटरों में मोमोस सामग्री जांच के लिए जब्त की गई।
इस प्रकार की घटनाएं खाद्य सुरक्षा की गंभीरता को दर्शाती हैं और प्रशासन के सख्त कदम उठाने की आवश्यकता को बल देती हैं। ग्राहकों की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखने के लिए होटल और रेस्टोरेंट्स को साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7

