भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने एक अनोखी पहल करते हुए खम्हरिया के घर-घर जाकर लोगों को डेंगू और चिकनगुनिया से बचाने का संदेश दिया। उन्होंने लोगों के घरों में लगे कूलरों की जांच की और जहां भी गंदा पानी जमा मिला, उसे तुरंत साफ करवाया। इस सफाई अभियान के अंतर्गत उन्होंने लोगों को अपने कूलर साफ कर उनकी तस्वीर भेजने पर एक किलो टमाटर देने की योजना शुरू की।
श्री सेन के मुताबिक गर्मियों में अधिकांश घरों में कूलर का उपयोग होता है, लेकिन कूलर में जमा पानी में मच्छरों के पनपने का खतरा रहता है। उन्होंने समझाया कि कूलर के पानी के कंटेनर में ठहरा हुआ पानी डेंगू और चिकनगुनिया के लार्वा के लिए आदर्श स्थान होता है। इसलिए, कूलर के पानी को नियमित रूप से बदलना और साफ करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अभियान के दौरान विधायक सेन ने खुद कई घरों में जाकर कूलर साफ करवाए और लोगों को इसके खतरों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि यह पहल न केवल स्वास्थ्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि समाज और अर्थव्यवस्था दोनों के लिए भी फायदेमंद है। श्री सेन ने कहा कि अगर लोग अपने कूलरों को साफ रखेंगे तो डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से बचा जा सकेगा।
श्री सेन ने छत्तीसगढ़ प्रदेश की जनता से भी अपील की कि वे इस दिशा में जागरूक हों और अपने कूलरों को नियमित रूप से साफ रखें। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे भी फील्ड में उतरें और लोगों को इस बारे में जागरूक करें, ताकि प्रदेश को इन खतरनाक बीमारियों से बचाया जा सके।
विधायक सेन की इस अनोखी पहल को लोगों ने सराहा और उनके इस जागरूकता अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। टमाटर बांटने के पीछे उनका उद्देश्य केवल लोगों को जागरूक करना है, ताकि वे अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें और वैशाली नगर विधानसभा को डेंगू मुक्त बनाएं।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7

