भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के चिटकाकानी गांव में कैंसर से पीड़ित जयदेव गुप्ता (65) का निधन होने के बाद उनकी पत्नी गुलाबी गुप्ता (58) लापता हो गईं। परिजनों का दावा है कि गुलाबी ने अपने पति की चिता में कूदकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों का दावा और चिता के पास मिले सबूत:
जयदेव गुप्ता का सोमवार शाम पांच बजे अंतिम संस्कार किया गया था। रात करीब 11 बजे गुलाबी गुप्ता अचानक घर से गायब हो गईं। परिजनों ने जब उनकी तलाश शुरू की, तो उनकी साड़ी, चप्पल और चश्मा चिता के करीब पाए गए। इससे परिजनों ने आशंका जताई कि गुलाबी ने अपने पति की चिता में कूदकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस की जांच और बयान:
रायगढ़ जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम ने बताया कि परिजनों की आशंका के आधार पर फारेंसिक विभाग और चिकित्सकों की टीम ने अंतिम संस्कार स्थल से नमूने एकत्र किए हैं और जांच के लिए भेजे हैं। हालांकि, पुलिस ने गुलाबी गुप्ता के लापता होने का मामला दर्ज कर उनकी खोजबीन शुरू कर दी है।
मरकाम ने बताया कि अब तक किसी ने गुलाबी को चिता में कूदते हुए नहीं देखा है, इसलिए पुलिस विभिन्न दृष्टिकोणों से मामले की जांच कर रही है। परिजनों की भावनाओं और आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7

