विशाखा राय बनीं मिस इंडिया छत्तीसगढ़ 2024: संघर्ष, सफलता और सपनों की कहानी, भिलाई से ली है स्कूली शिक्षा...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ की धरती ने एक और नायाब रत्न को जनम दिया है, जो अपने साहस और मेहनत से राष्ट्रीय मंच पर चमकने के लिए तैयार है। 21 वर्षीय विशाखा राय, जिन्होंने फेमिना मिस इंडिया छत्तीसगढ़ 2024 का खिताब जीतकर राज्य का नाम रोशन किया है, अब फेमिना मिस इंडिया 2024 के 60वें संस्करण में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी।

बचपन से था मॉडलिंग का सपना

विशाखा राय का सफर किसी प्रेरणादायक कहानी से कम नहीं है। बचपन से ही विशाखा की दिलचस्पी मॉडलिंग, एक्टिंग और डांसिंग में रही। उन्होंने महज 18 साल की उम्र में अपने मॉडलिंग करियर की शुरुआत की, और इस दिशा में पहला कदम रखने के लिए जॉय टाइम्स फ्रेश फेस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जहाँ उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर जीत हासिल की।

सपनों को पंख दिए परिवार ने

विशाखा के इस सफर में उनके परिवार का साथ हमेशा बना रहा। उनके पिता, वी. के. राय, बताते हैं कि किस तरह विशाखा की लगन और मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। परिवार के सहयोग और विशाखा की कड़ी मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया, जहां आज वे मिस इंडिया छत्तीसगढ़ का ताज पहने खड़ी हैं।

सफलता के पीछे की कहानी

विशाखा ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर अपनी मां के साथ एक प्यारा सा वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपने शुरुआती दिनों की यादें साझा कीं। उन्होंने अपने फॉलोवर्स को बताया कि तीन साल पहले 18 साल की उम्र में उन्होंने अपने मॉडलिंग करियर की शुरुआत की थी। विशाखा ने उस समय की कठिनाइयों और संघर्षों का जिक्र करते हुए कहा, "मेरा पहला वॉक वीडियो शूट बेहद खराब था, लेकिन वहीं से मेरी यात्रा शुरू हुई।"

शिक्षा और करियर की उड़ान

भिलाई के रिसाली स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल से 11वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद, विशाखा ने पुणे के सेंटर फॉर मीडिया एंड कम्यूनिकेशन (SCMC) से मास कम्यूनिकेशन की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग में करियर बनाने का फैसला लिया और आज उनके सिर पर मिस इंडिया छत्तीसगढ़ का ताज सजा है।

विशाखा की इस उपलब्धि ने उनके परिवार और दोस्तों के बीच खुशी और गर्व का माहौल बना दिया है। उनकी सफलता सिर्फ उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के लिए भी एक गर्व का विषय है। अब, सबकी नजरें फेमिना मिस इंडिया 2024 के राष्ट्रीय मंच पर हैं, जहाँ विशाखा राय छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने के लिए तैयार हैं।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS