दुर्ग सहित प्रदेश में गरमाया सियासी माहौल: विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी के विरोध में युवा कांग्रेस का जेल भरो आंदोलन, पुलिस से तकरार...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग रायपुर, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी घमासान और तेज हो गया है। विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी के विरोध में युवा कांग्रेस ने प्रदेशभर में जेल भरो आंदोलन का आगाज किया। रायपुर में आंदोलन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जबरदस्त झड़पें हुईं। प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा धक्का-मुक्की के बीच जमीन पर गिर गए, जिन्हें पुलिस ने घसीटकर हिरासत में लिया।

शहर-शहर में उग्र प्रदर्शन

न सिर्फ रायपुर, बल्कि नारायणपुर, दुर्ग, बिलासपुर, महासमुंद, और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जैसे शहरों में भी युवा कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किए। नेताओं ने अपनी सांकेतिक गिरफ्तारी देकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध जताया। 

गांधी मैदान से सेंट्रल जेल तक

रायपुर में प्रदर्शनकारियों ने गांधी मैदान में एक सभा के बाद रैली निकाली, लेकिन पुलिस ने उन्हें मोती बाग के पास रोक लिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जय सतनाम के नारे लगाते हुए पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि विधायक देवेंद्र यादव और अन्य कांग्रेसी नेताओं को रिहा किया जाए।

कांग्रेस की चेतावनी

आकाश शर्मा ने भाजपा सरकार को चेतावनी दी कि वे भाजपा नेताओं को चैन से नहीं बैठने देंगे। उन्होंने कहा कि जब तक उनके साथियों को रिहा नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पुलिस का इस्तेमाल कर कांग्रेस की आवाज़ को दबाने की कोशिश कर रही है।

बलौदाबाजार हिंसा मामले में कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के बाद से ही प्रदेशभर में कांग्रेस विरोध प्रदर्शन कर रही है। रायपुर के अलावा अन्य जिलों में भी यह आक्रोश दिखा। 

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS