भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग , भिलाई रेलवे ट्रैक के पास लावारिस हालत में पड़े चार बैगों में मिली हजारों रुपये की ब्रांडेड शराब ने सुरक्षा बलों में हड़कंप मचा दिया। दुर्ग आरपीएफ पोस्ट पर तैनात आरक्षक निहाल सिंह मीणा ने इस लावारिस बैग को देखा और जब उन्होंने इसकी जांच की, तो उनके होश उड़ गए। बैग में रॉयल स्टैग, ब्लेंडर्स प्राइड और मैकडॉवेल्स नंबर 1 की 49 बोतलें बरामद हुईं। आरपीएफ ने तुरंत इस मामले की सूचना आबकारी विभाग को दी, जिसके बाद शराब को जब्त कर लिया गया।
घटना का विवरण
बुधवार को नागपुर-बिलासपुर वंदेभारत एक्सप्रेस के पासिंग के दौरान किमी नंबर 863/30ए-29ए के पास तैनात आरक्षक निहाल सिंह मीणा की नजर रेलवे ट्रैक के किनारे पड़े इन चार बैगों पर पड़ी। उन्होंने तुरंत बैग के मालिक की तलाश शुरू की, लेकिन कोई व्यक्ति सामने नहीं आया।
इसके बाद उन्होंने मौके पर उपस्थित गवाहों की मौजूदगी में बैगों को खोलकर देखा। जांच में बैग से 20 बोतल रॉयल स्टैग व्हिस्की, 19 बोतल मैकडॉवेल नंबर 1 व्हिस्की और 10 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की बरामद हुई। प्रत्येक बोतल में 750 मिलीलीटर व्हिस्की थी, कुल मात्रा 36.75 लीटर आंकी गई।
शराब की कुल कीमत और आगे की कार्रवाई
मध्यप्रदेश में बनाई गई इन शराब की बोतलों की अनुमानित बाजार कीमत 55,850 रुपये बताई जा रही है। आरपीएफ ने मौके पर ही सभी 49 बोतल शराब को जब्त कर लिया और उन्हें दुर्ग आरपीएफ पोस्ट लाया गया। इसके बाद आगे की कार्रवाई के लिए सभी बैगों और शराब की बोतलों को सहा जिला आबकारी अधिकारी, दुर्ग शहर (पूर्व) को सौंप दिया गया।
इस घटना ने स्थानीय प्रशासन को सतर्क कर दिया है और इस बात की जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब वहां कैसे पहुंची। इस तरह की घटनाओं से यह साफ है कि अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी की जरूरत है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7

