भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :दुर्ग, पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज, श्री राम गोपाल गर्ग द्वारा आज एक विशेष समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें दुर्ग रेंज के लोक अभियोजकों के साथ हाल ही में हुए दोषमुक्ति के मामलों पर विचार-विमर्श किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य उन कारणों का विश्लेषण करना था, जिनके कारण जांच में त्रुटियां हुईं और दोषमुक्ति के निर्णय सामने आए।
बैठक के दौरान, प्रत्येक दोषमुक्ति मामले पर गहन समीक्षा की गई। विवेचना में की गई गलतियों की पहचान की गई ताकि भविष्य में ऐसी त्रुटियों से बचा जा सके और दोषमुक्ति के मामलों की संख्या में कमी लाई जा सके। लोक अभियोजकों और पुलिस अधिकारियों ने विवेचना की त्रुटियों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की और इस बात पर सहमति जताई कि जांच प्रक्रिया के दौरान सभी कानूनी प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन किया जाएगा।
श्री गर्ग ने बैठक में कहा, "हमारा प्रमुख लक्ष्य न्याय सुनिश्चित करना है। हर जांच को पूरी ईमानदारी और कुशलता के साथ किया जाना चाहिए, ताकि दोषियों को सजा और निर्दोषों को न्याय मिल सके।" उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विवेचना प्रक्रिया को और भी मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाए।
बैठक में दुर्ग से उपसंचालक लोक अभियोजक श्रीमती अनुरेखा सिंह, बेमेतरा से श्रीमती कंचन पाटिल, बालोद से जिला अभियोजन अधिकारी श्री अजय कुमार सिंह, डीएसपी श्रीमती शिल्पा साहू और अन्य कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित थे। सभी ने दोषमुक्ति के मामलों की गहन समीक्षा में भाग लिया और भविष्य के लिए ठोस कदम उठाने की योजना बनाई।
इस बैठक से यह संदेश स्पष्ट है कि दुर्ग रेंज की पुलिस और अभियोजन विभाग दोषमुक्ति के मामलों को गंभीरता से ले रहा है और न्याय प्रणाली को और भी प्रभावी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7

