भिलाई नगर निगम का चौकीदार अवैध वसूली का मास्टरमाइंड: राजस्व अधिकारी बनकर करता था वसूली ,आयुक्त ने किया सस्पेंड, लोगों को सतर्क रहने की अपील..

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई (छग) भिलाई नगर निगम के चौकीदार धर्मरक्षक पाठक को आयुक्त देवेश ध्रुव ने सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई पाठक के खिलाफ अवैध वसूली के आरोप में की गई है। पाठक ने खुद को राजस्व अधिकारी बताकर अवैध निर्माण करने वाले लोगों से जबरदस्ती पैसे वसूले।

जानकारी के मुताबिक भिलाई नगर निगम में धर्मरक्षक पाठक चौकीदार के पद पर कार्यरत है। उसके खिलाफ यह शिकायत मिली थी कि वह नगर निगम का राजस्व अधिकारी बनकर लोगों को धमकाता है और उनसे पैसे मांगता है। पाठक भिलाई नगर निगम क्षेत्र में बिना परमिशन के निर्माण कर रहे लोगों को अपना निशाना बनाता था। वह अपने आपको निगम का राजस्व अधिकारी बताता था और निर्माण को गिराने की धमकी देकर पैसे लेता था।

सिद्धार्थ चक्रवर्ती नामक एक निवासी ने इस मामले की शिकायत की है। चक्रवर्ती ने बताया कि उसने रजिस्टर्ड भूखंड पर नियमानुसार मकान निर्माण किया था। धर्मरक्षक पाठक वहां पहुंचा और खुद को निगम का राजस्व अधिकारी बताकर 5 हजार रुपए की मांग की। उसने धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए तो उसका मकान तोड़ दिया जाएगा। डर के मारे, चक्रवर्ती ने एक हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद, सिद्धार्थ ने इस घटना का स्क्रीन शॉट लेकर निगम आयुक्त से शिकायत की।

इस घटना के बाद, भिलाई नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे धर्मरक्षक पाठक से सतर्क रहें। निगम ने बताया है कि पाठक कभी भी किसी भी स्थान पर जाकर लोगों को धमका सकता है और अवैध वसूली कर सकता है। अगर किसी को ऐसा कोई मामला देखने को मिलता है, तो तुरंत निगम के राजस्व विभाग को सूचित करें।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS