छत्तीसगढ़ : ‘क्राइम पेट्रोल’ देखकर रची खौफनाक हत्या की साजिश पर एक गलती से पकड़े गए आरोपी , अंधेकत्ल का हुआ खुलासा...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में 12 अगस्त 2024 को दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया। चुरहागड़ा जंगल में एक अज्ञात सिर कटी लाश मिलने के बाद पुलिस ने इस अंधे कत्ल की उलझी हुई गुत्थी को सुलझाने में कामयाबी पाई। इस हत्याकांड की योजना को अंजाम देने वालों ने टीवी शो 'क्राइम पेट्रोल' देखकर हत्या का षड्यंत्र रचा था। 

घटना का खुलासा

12 अगस्त को जशपुर के श्रीटोली गांव के चुरहागड़ा जंगल में एक सिर कटी लाश की सूचना मिलने पर पुलिस के अधिकारियों की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक (एसपी) शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में एएसपी अनिल सोनी और डीएसपी विजय सिंह राजपूत ने घटनास्थल पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को एक नायलॉन की रस्सी और एक लोहे का चाकू बरामद हुआ, जो इस हत्या के रहस्य को सुलझाने में महत्वपूर्ण सुराग साबित हुए।

शव की पहचान के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया का सहारा लिया और मृतक के चेहरे और शरीर पर बने टैटू की मदद से उसकी पहचान कांसाबेल थाना क्षेत्र के बरजोर निवासी अभिषेक लकड़ा के रूप में की गई। 

जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी

हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने मृतक के परिवारजनों और परिचितों से पूछताछ की। इस दौरान यह पता चला कि 11 सितंबर को अभिषेक लकड़ा को अंतिम बार चार व्यक्तियों के साथ देखा गया था। इन चारों पर संदेह गहराने पर पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद हत्या का खौफनाक सच सामने आया। 


आरोपी अभय एक्का, जो मृतक अभिषेक का मौसेरा भाई था, ने पुलिस को बताया कि अभिषेक शराब पीकर अक्सर घर में गाली-गलौच और मारपीट करता था। 10 सितंबर को इसी तरह के एक विवाद के दौरान अभय ने अभिषेक के पैर पर लकड़ी से वार कर उसे घायल कर दिया था। डर के कारण उसने अभिषेक को अस्पताल नहीं ले जाकर घर में ही रखा, लेकिन पुलिस केस से बचने और अपने शराबी भाई से छुटकारा पाने के लिए उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर अभिषेक की हत्या करने की योजना बनाई।

क्राइम पेट्रोल देखकर रची हत्या की साजिश

हत्या की योजना को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने टीवी शो ‘क्राइम पेट्रोल’ से प्रेरणा ली और तय किया कि अभिषेक की हत्या के बाद उसके सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया जाएगा, ताकि उसकी पहचान छिपाई जा सके। 

11 सितंबर की रात, लगभग 2 बजे, आरोपियों ने एक मारुति वैन में अभिषेक को बैठाया और उसे जंगल की तरफ ले गए। नायलॉन की रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने चाकू से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। योजना के अनुसार, धड़ को जंगल में 50 मीटर अंदर फेंक दिया गया, लेकिन अंधेरे और घने जंगल के कारण सिर कहीं गुम हो गया और सुबह होने वाली थी जिस वजह से वे पकड़े जाते इसलिए डर से आरोपी शव को वहीँ छोड़कर भाग गए |

पुलिस की चालाकी और आरोपियों का पकड़ा जाना

घटना के बाद आरोपी अभय ने अपने परिवार को यह बताया कि अभिषेक इलाज के बाद राजस्थान के उदयपुर चला गया है, ताकि शक न हो। लेकिन पुलिस ने आरोपियों की चालों को नाकाम करते हुए 11 सितंबर को सभी चार आरोपियों – अभय एक्का (30 वर्ष), संदीप एक्का (41 वर्ष), निर्देष तिर्की (35 वर्ष) और अनूप लकड़ा (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। इन सभी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

 हत्या के पीछे का कारण और अपराधियों की सजा

इस जघन्य हत्याकांड के पीछे आपसी पारिवारिक विवाद और घरेलू हिंसा का कारण सामने आया है। मृतक अभिषेक के शराब पीकर परिवार के साथ दुर्व्यवहार करने के चलते यह हत्या की गई। हत्या की साजिश को अंजाम देने में शामिल सभी आरोपी अब जेल में हैं और उन पर कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की सतर्कता और गहन जांच ने इस अंधे कत्ल के मामले को सुलझा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया|

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS