भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : कानपुर: यूपी में बढ़ते अपराधों का एक और दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां कानपुर-दिल्ली हाईवे पर एक युवती की सिरकटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। यह भयावह घटना गुजैनी थाना क्षेत्र में हुई, जहां शव नग्न अवस्था में पाया गया। प्रथम दृष्टया पुलिस को संदेह है कि युवती के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई और पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसका सिर काट दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में यह संकेत मिला है कि युवती के साथ सामूहिक बलात्कार की आशंका है, जिसके बाद उसकी निर्ममता से हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल से टूटे हुए दांत और हड्डियों के टुकड़े भी बरामद किए हैं, जो घटना की क्रूरता को उजागर करते हैं।
डीसीपी साउथ रविंद्र कुमार ने बताया कि शव की शिनाख्त के लिए मुखबिरों को सक्रिय किया गया है, और क्राइम ब्रांच तथा सर्विलांस टीम को भी जांच में शामिल किया गया है। इस हृदय विदारक घटना ने पूरे इलाके में भय और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है, और पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं की आखिर कब तक बेटियां ऐसे भेड़ियों का शिकार बनती रहेगी?

