भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग संभाग के बालोद जिला मुख्यालय से केवल 3 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत झलमला में गणेश पंडाल के दौरान तेज आवाज में बज रहे डीजे को बंद कराने पहुंची पुलिस और राजस्व विभाग की टीम को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस टीम ने सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ के बीच बड़ी मशक्कत से डीजे बंद कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें ग्रामीणों को पुलिस पर आक्रोशित होते हुए देखा जा सकता है।
दो ग्रामीणों पर पुलिस कार्रवाई
घटना के दौरान दो ग्रामीण, युधिष्ठिर ठाकुर (45) और नेम सिंह ठाकुर (41) ने पुलिस टीम के साथ दुर्व्यवहार किया, जिसके चलते उन पर बीएनएसएस की धारा 170 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
डीजे पर प्रशासनिक नियम
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, डीजे साउंड सिस्टम की आवाज को 75 डेसिबल तक सीमित रखा जाना चाहिए। प्रशासन ने तय किया है कि अगर कोई नियम का उल्लंघन करते हुए डीजे तेज आवाज में बजाता पाया जाता है, तो संबंधित वाहन का परमिट भी रद्द कर दिया जाएगा। कोतवाली थाना प्रभारी रविशंकर पाण्डेय ने बताया कि क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग जारी है ताकि कोई नियम का उल्लंघन न कर सके।
विडियो देखे -
कोरबा में पुलिसकर्मियों द्वारा पिटाई का मामला: दो एएसआई निलंबित
दूसरी ओर, कोरबा जिले में भी एक विवाद सामने आया है, जहां एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने दीपका थाना में पदस्थ दो एएसआई, जितेश सिंह और खगेश राठौर को सस्पेंड कर दिया है। यह घटना 11 सितंबर को दीपका थाना क्षेत्र के गेवरा स्टेडियम में हुई, जहां गणेशोत्सव समिति द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
घटना का विवरण
कार्यक्रम के दौरान एक बाइक सवार युवक द्वारा हंगामा करने की सूचना मिलने पर दोनों एएसआई मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचते ही उन्होंने कानून व्यवस्था भंग कर रहे युवक की जमकर पिटाई कर दी। इस पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे मामले ने तूल पकड़ लिया।
एसपी का त्वरित एक्शन
वीडियो वायरल होने पर एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों एएसआई को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया और उन्हें लाइन अटैच कर दिया गया। पुलिस विभाग ने साफ किया है कि कानून के रखवालों द्वारा कानून का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS

