भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में हुए चर्चित एल चिरंजीवी उर्फ ब्रूसली मर्डर केस में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले के 11वें आरोपी भीम बघेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जो पिछले चार महीने से फरार था। पुलिस पहले ही इस मामले में एक नाबालिग समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, लेकिन भीम बघेल लगातार फरार चल रहा था।
यह भी पढ़े - भिलाई में युवक की धारदार हथियार से की हत्या फिर पहचान छुपाने पत्थरो से सिर कुचल दिया , आरोपियों की तलाश जारी...
घटना का पूरा विवरण
यह घटना 5 जून 2024 की रात की है। देवबलौदा गांव के बंधवा तालाब के पास आदतन अपराधी एल चिरंजीवी उर्फ ब्रूसली अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। उसी वक्त मुकेश और जय सिंह भी वहां पहुंचे, और ब्रूसली के साथ बैठकर शराब पीने लगे। कुछ देर बाद ब्रूसली के दोस्त वहां से चले गए, लेकिन ब्रूसली, मुकेश और जय सिंह वहीं रुके रहे।
रात के करीब 10:40 बजे, भीम बघेल, अर्जुन बघेल और अजय बांधे तीनों मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे। उनके हाथों में लाठी, डंडा, रॉड और धारदार हथियार थे। उन्होंने ब्रूसली पर अचानक हमला कर दिया, जिससे वह मौके पर ही ढेर हो गया। हमले के बाद मुकेश और जय सिंह घबराकर वहां से भाग गए।
वर्चस्व की लड़ाई में हुई हत्या
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, ब्रूसली का इलाके में जुआ, सट्टा, गांजा और शराब की अवैध बिक्री का धंधा था। इसी कारण उसकी अन्य आपराधिक तत्वों से पुरानी दुश्मनी थी। ब्रूसली और उसके विरोधियों के बीच अक्सर इस गैरकानूनी गतिविधियों को लेकर टकराव होते रहते थे। इसी आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई के कारण उसकी हत्या की गई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने जांच शुरू की और 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जिनमें अर्जुन बघेल, दीपक उर्फ गोलू टण्डन, राजेश कुर्रे, भूपेन्द्र टण्डन, जसवंत मारकण्डे, देवा बंजारे, सुनील बांधे, चंद्रशेखर उर्फ शेखर सेन, अजय बांधे और एक नाबालिग शामिल थे। आरोपी भीम बघेल फरार था, जिसे हाल ही में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि अब सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और जल्द ही मामले में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
इस मर्डर केस में आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की सतर्कता और अपराध पर लगाम लगाने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

