रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा: तेज रफ्तार कार ने रंगोली बना रही दो लड़कियों को कुचला, 17 वर्षीय चालक गिरफ्तार...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : मध्य प्रदेश के इंदौर से एक खौफनाक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक अनियंत्रित और तेज गति से चलती कार ने दो लड़कियों को कुचल दिया। ये लड़कियां अपने घर के सामने रंगोली बना रही थीं, जब यह हादसा हुआ। 


घटना के तुरंत बाद, कार चालक वहां से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी चालक की उम्र केवल 17 साल बताई जा रही है। इस दुर्घटना में दोनों लड़कियां गंभीर रूप से घायल हुई हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। यह हादसा एरोड्रम थाना क्षेत्र में हुआ।

हादसे का 40 सेकंड का सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया है। वीडियो में दिखता है कि सड़क के किनारे कई लड़कियां अपने घरों के बाहर रंगोली बना रही थीं। उसी समय एक तेज रफ्तार कार वहां से गुजरती है। 
एक गुलाबी साड़ी पहने महिला बाल-बाल बचती है, लेकिन उसी दौरान कार किनारे बैठी दो लड़कियों को कुचल देती है। टक्कर की तेज आवाज कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, और इसके बाद वहां अफरातफरी मच जाती है। चालक गाड़ी से निकल कर मौके से फरार हो जाता है।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विनोद कुमार मीना ने जानकारी दी कि यह घटना सोमवार शाम को हुई, जब प्रियांशी प्रजापत (21) और नव्या प्रजापत (14) अपने घर के बाहर रंगोली बना रही थीं। हादसे के बाद भागे चालक को बेटमा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है और वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की उम्र 17 वर्ष होने का दावा किया गया है, और इस तथ्य की पुष्टि के लिए जांच जारी है। बताया जा रहा है कि वह किसी परिचित की कार चला रहा था। हादसे में घायल लड़कियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक की स्थिति गंभीर है।