भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई, 9 अक्टूबर 2024 – वैशाली नगर की निवासी और गो सेविका, धनलक्ष्मी मकवाना को एक बेहद चिंताजनक सूचना मिली कि सुपेला क्षेत्र के रावण भाटा स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर के पास एक गाय घायल अवस्था में गिरी हुई है और उसे उठने में दिक्कत हो रही है। गोवंश की सेवा के प्रति समर्पित मकवाना ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायज़ा लिया।
मालिक की पहचान की कोशिश
गाय की कान में लगे टैग को स्कैन करवाकर, मकवाना ने गाय के मालिक की पहचान की, जो उमेश यादव निकला। मकवाना ने तुरंत यादव को सूचना दी कि उनकी गाय गंभीर रूप से घायल है और उसकी देखभाल की सख्त ज़रूरत है। हैरानी की बात यह रही कि उमेश यादव ने गाय को अपनी न मानते हुए मदद करने से इनकार कर दिया।
गाय की मौत और लापरवाही का आरोप
उसी दिन शाम को, जब धनलक्ष्मी मकवाना गाय की स्थिति जानने के लिए उमेश यादव के घर पहुंची, तो उन्हें पता चला कि गाय की मृत्यु हो चुकी है। गाय की मौत की खबर से मकवाना का दिल भर आया और उन्होंने तुरंत गाय के अंतिम संस्कार की बात की। हालांकि, यादव ने कहा कि अंतिम संस्कार अगली सुबह किया जाएगा।
गंभीर आरोप: मृत गाय को बूचड़खाने में बेचा
धनलक्ष्मी मकवाना का आरोप है कि उमेश यादव ने अंतिम संस्कार की बात को टालते हुए, गाय को बिना अंतिम संस्कार के ही बूचड़खाने में बेच दिया। यह गंभीर आरोप इस बात की ओर इशारा करता है कि गौसेवा के प्रति न केवल लापरवाही बरती गई, बल्कि पशु के प्रति मानवता की जिम्मेदारी भी तोड़ी गई।
पुलिस शिकायत और कार्यवाई की मांग
मामले की गंभीरता को देखते हुए, धनलक्ष्मी मकवाना ने 10 अक्टूबर 2024 को सुपेला थाने में इस मामले की लिखित शिकायत दर्ज करवाई और पुलिस से उचित कार्यवाई की मांग की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मृत गाय के साथ उचित सम्मान से अंतिम संस्कार होना चाहिए था और इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।
मिडिया रिपोर्ट और जानकारी
यह मामला तब सामने आया जब छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय बजरंग दल के मिडिया प्रभारी (दुर्ग जिला ) विजय कुमार (राजा) द्वारा मिडिया को जानकारी दी गई।
यह घटना न केवल गोवंश के साथ हो रहे दुर्व्यवहार की ओर इशारा करती है, बल्कि हमारे समाज में पशुओं के प्रति हो रही लापरवाही और उदासीनता पर भी सवाल उठाती है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI





