भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : मप्र , खरगोन भीकनगांव थाना क्षेत्र में नवरात्रि के पावन अवसर पर एक अजीब और रहस्यमयी घटना सामने आई। सगुर भगुर माता बागेश्वरी शक्ति धाम परिसर में एक युवती ने मंदिर के जलकुंड के पास खुद की जीभ तलवार से काटने का प्रयास किया, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। इस घटना ने स्थानीय लोगों और पुलिस दोनों को असमंजस में डाल दिया।
वीडियो में दिखी रहस्यमयी घटना
वायरल हुए वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि एक युवती अपनी जीभ पर तलवार चलाकर उसे काटने की कोशिश कर रही है। इस घटना के दौरान मंदिर में उपस्थित भक्त माता के जयकारे लगा रहे थे, और युवती को चुनरी पहनाई जा रही थी। माना जा रहा था कि युवती ने यह कृत्य देवी के प्रति अपनी भक्ति के तहत किया था।
पुलिस जांच में निकली जीभ सही-सलामत
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और भीकनगांव थाने के प्रभारी रामेश्वर ठाकुर के नेतृत्व में एक जांच टीम युवती के घर भेजी गई। पुलिस ने युवती की जांच की, तो पाया कि उसकी जीभ बिल्कुल सही-सलामत थी। पुलिस के अनुसार, जीभ काटने से जलकुंड के लाल होने की जो बात कही जा रही थी, वह पूरी तरह गलत निकली।
युवती के रहस्यमयी बयान और पुलिस की समझाइश
पुलिस की पूछताछ के दौरान, युवती ने कहा कि उसे याद नहीं कि उसने अपनी जीभ पर तलवार कैसे चलाई। उसका कहना था कि वह किसी के वशीभूत थी और उसे इस घटना की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। पुलिस ने इस घटना को ध्यान में रखते हुए युवती को समझाया और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने की हिदायत दी।
पिछले वर्ष भी हुई थी ऐसी ही घटना
यह पहली बार नहीं है जब युवती ने ऐसा कदम उठाया हो। पिछले वर्ष भी इसी नवरात्रि के मौके पर उसने अपनी जीभ तलवार से काटने की कोशिश की थी, लेकिन तब भी उसकी जीभ सुरक्षित पाई गई थी। इस घटना के बाद भी पुलिस और ग्रामीणों के बीच यही असमंजस बना रहा था कि आखिर यह कैसे संभव हुआ। गांव के लोग युवती को माता का स्वरूप मानते हैं, और इसी कारण उसका विशेष मान-सम्मान होता है। गांव में उसका दरबार भी लगता है, जहां लोग उसे देवी का अवतार मानकर उसकी पूजा करते हैं।
यह घटना सिर्फ एक ग्रामीणों व स्थानीय लोगो के धार्मिक भक्ति के उन्माद का प्रतीक नहीं, बल्कि एक रहस्यमयी और अद्भुत घटना है, जो स्थानीय ग्रामीणों के विश्वास और आस्था से जुड़ी है। पुलिस की जांच के बावजूद, इस मामले की सच्चाई अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। युवती की जीभ सही-सलामत होने के बावजूद यह घटना लोगों के मन में कई सवाल खड़े करती है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर
क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/DftDnFtfdzBCMFMDlcmnyW


