भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग, दवा दुकानों में छापेमारी कर नकली दवा के नाम पर दुकानदारों को धमकाने और उनसे पैसे उगाही करने वाले पांच फर्जी ड्रग इंस्पेक्टरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इन आरोपियों को पकड़कर जेल भेज दिया है।
घटना की शुरुआत तब हुई जब ग्राम धुमा के निवासी रघुनंदन प्रसाद वर्मा (68) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके बेटे दिलेंद्र ने तीन साल पहले एक मेडिकल दुकान खोली थी। एक दिन, जब रघुनंदन एक कार्यक्रम में थे, उन्हें फोन आया जिसमें एक व्यक्ति ने खुद को ड्रग इंस्पेक्टर बताते हुए उनके बेटे को धमकाया। फोन करने वाले ने बिना लाइसेंस दवा दुकान चलाने की बात कहकर उनके बेटे को कलेक्टोरेट में बुलाने का दबाव डाला।
जब रघुनंदन ने अपनी बहू से बात की, तो उसने बताया कि स्कार्पियों (सीजी 17 केएच 8580) में पांच लोग आए थे, जिन्होंने खुद को ड्रग इंस्पेक्टर बताकर दुकान में घुसकर धमकी दी। उन्होंने बिना लाइसेंस के दुकान चलाने पर जेल भेजने की चेतावनी दी और कुछ दवाएं सैंपल के लिए अपने साथ ले गए।
घटना के बाद, रघुनंदन ने गांव के वैद्यराज जोहन लाल वर्मा से मुलाकात की। उन्होंने भी बताया कि उनके पास स्कार्पियों में आए पांच लोगों ने खुद को ड्रग इंस्पेक्टर बताया और उनकी आयुर्वेदिक दवाओं का दो डिब्बे ले गए।
पुलिस ने बुजुर्ग की शिकायत के आधार पर जांच शुरू की और सभी पांच आरोपियों की पहचान की। ये आरोपी पंडरिया कवर्धा के निवासी मनीष जंघेल, भूषण वर्मा, तारन वर्मा, टाकेश्वर जंघेल, और अतेनमणी अंचित के रूप में सामने आए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है|
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI




