CG : प्रेमी के परिवार ने 8 माह की गर्भवती युवती से जबरन कराया गर्भपात, नवजात को छीनकर दफनाने का लगाया आरोप – न्याय की गुहार...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : यह घटना अंबिकापुर, छत्तीसगढ़ की है, जहां एक 8 माह की गर्भवती युवती को जबरन गर्भपात कराने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसका प्रेमी मनीष यादव ने शादी का झांसा देकर दो साल तक उससे शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई। युवती के मुताबिक, जुलाई में मनीष के रिश्तेदारों ने मिलकर जबरन गर्भपात की गोलियां खिलाईं और स्प्राइट पिलाकर उसे गर्भपात करने पर मजबूर किया। 

जबरन गर्भपात और प्रसव की घटना:

युवती ने बताया कि 1 जुलाई को आरोपी कृष्णा यादव, संतोष यादव और पार्वती यादव ने उसे सोनोग्राफी के बहाने अपने साथ ले गए। पूरे दिन घुमाने के बाद वे उसे अपने घर ले आए और जबरन गर्भपात की 3 गोलियां खिलाईं। मना करने पर भी उसे स्प्राइट पिलाकर गोलियां निगलवाई गईं। इस घटना के बाद युवती को रातभर पेट में दर्द हुआ और अगले दिन सुबह उसका प्रसव हो गया। उसने बताया कि बच्चा जीवित था, परंतु वह दर्द के कारण बेहोश हो गई थी।

बच्चे को जबरन दूर रखना और मौत की खबर:

प्रसव के बाद आरोपी युवक के परिवार ने नवजात शिशु की तस्वीरें खींची और उसे बताया कि बच्चा आईसीयू में है और उसका इलाज चल रहा है। 20 दिनों तक बच्चा उसे नहीं दिखाया गया। इस दौरान वे उसे लगातार यह जानकारी देते रहे कि बच्चा ठीक हो रहा है। फिर अचानक उसे बताया गया कि बच्चा मर गया है और उसे दफना दिया गया है। 

पुलिस कार्रवाई:

युवती ने इस घटना की शिकायत एसपी से की है और आरोपी युवक और उसके परिवार पर बच्चे को मार डालने का आरोप लगाया है। उसने अपने मृत बच्चे को वापस दिलाने की मांग की ताकि वह उसका अंतिम संस्कार रीति-रिवाज से कर सके। पुलिस ने इस मामले में कृष्णा यादव, संतोष यादव, पार्वती यादव और मनीष यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच चल रही है।

सामाजिक दबाव और विवाह का झांसा:

पीड़िता के अनुसार, जब मनीष यादव के रिश्तेदारों को उसकी गर्भावस्था के बारे में पता चला, तो उन्होंने उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। वे उसे किराए के मकान से बाहर निकलने नहीं देते थे और कहते थे कि गर्भपात कराने के बाद ही उसका विवाह मनीष से होगा। बाद में, अंधेरे में रखकर मनीष यादव की शादी किसी और से करा दी गई। 

इस घटना ने समाज में महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार और मानसिक प्रताड़ना की एक और भयावह तस्वीर प्रस्तुत की है। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/DftDnFtfdzBCMFMDlcmnyW