भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग कोरिया जिले के मनेंद्रगढ़ में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहाँ केबल चोरी के आरोपी ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) बैरक में आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पुलिस हिरासत में सुरक्षा उपायों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मध्य प्रदेश के बिजुरी से केबल चोरी के शक में दिलीप तिर्की नामक व्यक्ति को गुरुवार शाम को RPF द्वारा पूछताछ के लिए लाया गया था। यह घटना बिजुरी से बौरीडाँड़ रेलवे लाइन पर लगातार हो रही केबल चोरी की घटनाओं के बाद हुई। शुक्रवार की सुबह दिलीप का शव बैरक के बाथरूम में पानी के पाइप से फांसी के फंदे पर लटका पाया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और GRP (रेलवे पुलिस) की टीम मौके पर पहुँची। कानूनी प्रक्रिया के तहत, न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया गया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
RPF के सहायक सुरक्षा आयुक्त ओमप्रकाश मोहंती ने पुष्टि की कि दिलीप तिर्की को केबल चोरी के सिलसिले में संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए लाया गया था, लेकिन सुबह उसने बाथरूम में आत्महत्या कर ली। मामले की न्यायिक जांच जारी है और पूरी घटना की गहन समीक्षा की जा रही है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

