भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग मुंगेली, काला साया का भय दिखाकर ठगी करने वाले दो नकली साधुओं को पुलिस ने धर दबोचा है, जो भोले-भाले लोगों को अपने झांसे में लेकर नकद रुपये और कीमती गहने ठग रहे थे। घटना जरहागांव थाना क्षेत्र की है, जहां 28 सितंबर को दोपहर के समय रौनाकापा निवासी वीर कुमार साहू के घर में दो व्यक्ति साधु के वेश में आए और पूजा करने के बहाने से ठगी की।
साहू ने बताया कि दोनों ने उसकी पत्नी पुष्पा साहू को डराने के लिए काला साया का हवाला दिया और पूजा के नाम पर सोने की फुल्ली, चांदी की पायल, और 70,000 रुपये नकद ठग लिए। ठगी को अंजाम देने के बाद ये फर्जी साधु मौके से फरार हो गए।
शिकायत दर्ज होने के बाद, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशानुसार, एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसका नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल ने किया। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर दोनों आरोपियों को मुंगेली-लालपुर रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मंजय लालदेव (37) और बिदुर कुमार लालदेव (35) के रूप में हुई, जो बिहार के दरभंगा जिले से हैं। पूछताछ में दोनों ने रौनाकापा में ठगी की घटना को स्वीकार किया। पुलिस ने इनके पास से ठगी किए गए रुपये, गहने और 9 मोबाइल फोन बरामद किए।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि मंजय लालदेव ने सात महीने पहले बिलासपुर के ग्रामीण इलाके में भी इसी प्रकार पूजा के नाम पर एक महिला से चांदी की पायल ठगी थी। अब उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है और आगे की जांच जारी है।
यह घटना लोगों को सतर्क करती है कि साधु वेश में आए किसी भी अनजान व्यक्ति पर भरोसा करना खतरनाक साबित हो सकता है। पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि ऐसे ठगों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS

