भिलाई में पार्षद के पति को जुआरी-नशेड़ियों ने बेरहमी से पीटा, दी जान से मारने की धमकी , FIR दर्ज...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के भिलाई में सुपेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले राजीव नगर वार्ड 7 में एक गंभीर घटना सामने आई है। यहाँ की पार्षद रानू साहू के पति, राजू साहू, को स्थानीय जुआरी और नशेड़ियों ने बुरी तरह से पीटा और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घटना बुधवार रात करीब 10.30 बजे की है, जब राजू साहू को सूचना मिली कि SLRM सेंटर के आसपास कुछ युवक बैठकर जुआ खेल रहे हैं और शराब और गांजे का सेवन कर रहे हैं। 

वार्ड की व्यवस्था संभाल रहे राजू साहू ने की हस्तक्षेप की कोशिश

राजू साहू, जो अपनी पत्नी के वार्ड का कार्यभार संभालते हैं, ने घटना की जानकारी मिलने पर अपने भांजे रितिक साहू को साथ लिया और SLRM सेंटर पहुंचे। वहां पहुँचने पर उन्होंने देखा कि एक युवक, जिसे ‘लंबू’ के नाम से जाना जाता है, और अन्य लोग बैठकर जुआ खेल रहे हैं। राजू साहू ने उन लोगों को जुआ और नशा बंद कर वहां से जाने की सलाह दी। यह हस्तक्षेप करना उन पर भारी पड़ा। 

आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी

राजू के रोकने पर लंबू और उसके साथियों ने उनसे गाली-गलौज की और फिर बेरहमी से उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान राजू साहू के चेहरे और आंख के पास गंभीर चोटें आईं। इस मारपीट के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। साथ ही, आरोपियों ने धमकी दी कि अगर उन्होंने इस घटना की शिकायत की, तो उन्हें जान से मार देंगे। 

दोनों पक्षों पर दर्ज होगी एफआईआर

सुपेला थाना प्रभारी राजेश मिश्रा के अनुसार यह मारपीट दोनों पक्षों के बीच हुई थी। लड़ाई में लंबू साहू को भी चोटें आई हैं, जिसके बाद उसे दुर्ग जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस का कहना है कि लंबू के अस्पताल से लौटने के बाद दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा, जिसमें राजू साहू के खिलाफ भी काउंटर एफआईआर होगी। 





भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI