भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ में इस बार नवंबर ने सर्दी का एक नया इतिहास रच दिया है। सरगुजा संभाग के 6 जिलों में ठंड अपने चरम पर है। अमूमन दिसंबर में शीतलहर की शुरुआत होती है, लेकिन इस बार नवंबर में ही सर्द हवाओं ने दस्तक देकर लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है।
सरगुजा संभाग में ठंड के हालात
सरगुजा संभाग इस समय प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका बन चुका है। यहां मैनपाट का तापमान 6.2 डिग्री तक गिर गया, जो पूरे राज्य में सबसे कम रहा। सरगुजा का न्यूनतम पारा 8.6 डिग्री, बलरामपुर का 9.7 डिग्री और सूरजपुर का 11.1 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक यहां शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।
दुर्ग संभाग: पारा सामान्य से नीचे
दुर्ग संभाग में भी ठंड ने असर दिखाया। दुर्ग में बुधवार रात का तापमान 13.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है। यहां रातें तेजी से ठंडी हो रही हैं और न्यूनतम तापमान लगातार 15 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
राजधानी रायपुर का मौसम
रायपुर में भी ठंड का असर महसूस किया जा रहा है। बुधवार को दिन का तापमान 29.2 डिग्री और रात का तापमान 16.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। आज भी मौसम साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम तापमान 15°C के आसपास रहने की संभावना है।
सर्द हवाओं के कारण बढ़ी ठंड
मौसम वैज्ञानिक एएम भट्ट के अनुसार, समुद्री हवाओं से आने वाली नमी रुक गई है। इस वजह से ठंडी और शुष्क हवाएं चल रही हैं, जो शीतलहर के हालात पैदा कर रही हैं। ठंड का यह सिलसिला अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा।

