रायपुर में बनेगी फिल्म सिटी और डोंगरगढ़ में तीर्थ सुविधाओं का होगा विस्तार, 147.66 करोड़ की परियोजनाओं को मिली मंजूरी...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में माना तूता और नवा रायपुर क्षेत्र को फिल्म सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में तीर्थ सुविधाओं को विस्तार देने के लिए फंड स्वीकृत किया गया है। यह तीर्थ स्थल पहले से ही केंद्र सरकार की प्रशाद योजना का हिस्सा है। अब केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट 2024-25 के तहत दो अहम पर्यटन परियोजनाओं के लिए 147.66 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।  

इन परियोजनाओं में 95.79 करोड़ रुपये की लागत से माना तूता में चित्रोत्पला फिल्म सिटी का निर्माण और 51.87 करोड़ रुपये की लागत से जनजातीय एवं सांस्कृतिक कन्वेंशन सेंटर का निर्माण शामिल है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इन परियोजनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय पर्यटन मंत्री का धन्यवाद व्यक्त किया है।  

यह भी पढ़े CG में फांसी की सजा : एकतरफा प्रेम में सनकी ने बदला लेने की नीयत से महिला के 4 साल के बेटे को पेट्रोल छिड़कर जलाकर मार डाला , अदालत ने सुनाई सख्त सजा...

सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से राज्य के पर्यटन बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और स्थानीय सांस्कृतिक धरोहर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मदद होगी। साथ ही यह कदम रोजगार सृजन, विकास और छत्तीसगढ़ को वैश्विक पर्यटन मानचित्र में स्थापित करने में सहायक होगा।  

300 करोड़ के प्रस्ताव में से मिली दो परियोजनाओं को मंजूरी

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को 300 करोड़ रुपये का प्रस्ताव सौंपा था, जिसमें राजधानी रायपुर में फिल्म सिटी, कन्वेंशन सेंटर, वेलनेस रिसॉर्ट और नेचर सिटी का निर्माण शामिल था। इनमें से फिल्म सिटी और कन्वेंशन सेंटर के लिए स्वीकृति प्राप्त हुई है।  

फिल्म सिटी निर्माण के लाभ

राज्य में फिल्म निर्माण और फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए फिल्म सिटी का निर्माण महत्वपूर्ण साबित होगा। यह कदम छत्तीसगढ़ के कलाकारों और छालीवुड इंडस्ट्री के लिए रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा।  

डोंगरगढ़ तीर्थ स्थल के लिए 48.44 करोड़ की स्वीकृति

डोंगरगढ़ के मां बम्लेश्वरी मंदिर के लिए प्रशाद योजना के अंतर्गत 48.44 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस प्रोजेक्ट का नाम "मां बम्लेश्वरी देवी मंदिर में तीर्थ सुविधाओं का विकास" रखा गया है।  

अन्य परियोजनाएं

प्रशाद योजना में छत्तीसगढ़ के अन्य पर्यटन स्थलों जैसे जशपुर, कुनकुरी, मैनपाट, कमलेशपुर, महेशपुर, कुरदर, सरोधादादर, गंगरेल, कोंडागांव, नाथियानवागांव, जगदलपुर, चित्रकूट और तीरथगढ़ के विकास के लिए 96.10 करोड़ रुपये की परियोजना को शामिल किया गया है।  

स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के तहत बिलासपुर और जगदलपुर में भी पर्यटन स्थलों के विकास का कार्य प्रस्तावित है। साथ ही, चुनौती आधारित गंतव्य विकास की एक योजना के तहत "मयाली बगीचा" के विकास को मंजूरी दी गई है।  

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI