CG में फांसी की सजा : एकतरफा प्रेम में सनकी ने बदला लेने की नीयत से महिला के 4 साल के बेटे को पेट्रोल छिड़कर जलाकर मार डाला , अदालत ने सुनाई सख्त सजा...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला क्षेत्र में घटित एक दिल दहला देने वाली वारदात पर अदालत ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। दो साल पहले, पड़ोस के एक मासूम बच्चे की जघन्य हत्या के आरोपी पंचराम को मृत्युदंड की सजा सुनाई गई है। यह मामला एकतरफा प्रेम का है, जिसमें आरोपी ने अपनी हवस और जुनून के चलते चार साल के बच्चे को बेहरमी से मौत के घाट उतार दिया। 

घटना का दर्दनाक सिलसिला

5 अप्रैल, 2022 की वह तारीख, जब मासूम हर्ष चेतन अपने बड़े भाई दिव्यांश के साथ घर के पास खेल रहा था। पड़ोसी पंचराम ने बच्चों को बहलाने के लिए चॉकलेट और घुमाने का लालच दिया। वह दोनों बच्चों को अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया, लेकिन कुछ देर बाद सिर्फ दिव्यांश को वापस लौटा दिया। हर्ष का कोई पता नहीं चला। 

रात 8 बजे, बच्चे के माता-पिता ने उरला पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए CCTV फुटेज खंगाले। जांच में पता चला कि पंचराम ने उसी दिन अपनी बाइक दुर्ग में 15 हजार रुपए में बेच दी थी। इससे पुलिस को शक और गहरा हो गया। 

पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

पंचराम की लोकेशन महाराष्ट्र में ट्रेस हुई, जहां से पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए टीमें भेजीं। 7 अप्रैल, 2022 की रात नागपुर के पास उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह हर्ष को बेमेतरा के एक गांव के शमशान घाट ले गया और मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जला दिया। यह सुनकर पुलिसकर्मी भी स्तब्ध रह गए। 

पंचराम ने स्वीकारा कि उसने यह सब केवल इसलिए किया क्योंकि वह हर्ष की मां से एकतरफा प्यार करता था और उसकी नज़रों में बच्चे को मारकर वह अपना बदला ले रहा था। 

अदालत का सख्त फैसला

अतिरिक्त लोक अभियोजक परेश्वर बाघ ने बताया कि अदालत ने पंचराम को अपहरण के लिए 5 साल की सजा और हत्या के लिए धारा 302 के तहत मृत्युदंड की सजा सुनाई है। इस ऐतिहासिक फैसले ने न केवल पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया बल्कि समाज को यह कड़ा संदेश भी दिया कि मासूमों पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI