समोसे में मिली मरी हुई छिपकली, 5 वर्षीय बच्चे की तबीयत बिगड़ी, आधा समोसा खाने के बाद मामले का पता चला....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रीवा से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जिसमें एक 5 वर्षीय बच्चे की तबीयत खराब हो गई, जब उसने समोसे में छिपकली का मरा हुआ आधा हिस्सा पाया। यह मामला निपनिया मोहल्ले का है, जहां स्कूल से घर लौटे बच्चे ने खाने के लिए समोसा उठाया और उसमें कुछ गलत महसूस किया। घटना ने परिवार और आस-पास के लोगों को सन्न कर दिया है, साथ ही लोगों को इस बात पर भी जागरूक किया है कि बाजार से खरीदे गए खाद्य पदार्थों की जांच बहुत जरूरी है।

गुरुवार के दिन पंकज शर्मा नामक व्यक्ति अपने बच्चे प्रयांश और बेटी को स्कूल भेजने के बाद अपनी पत्नी की आंख की जांच कराने संजय गांधी अस्पताल गए थे। अस्पताल से लौटते समय उन्होंने बच्चों के लिए ढेकहा मोहल्ले में स्थित सुरेश होटल से समोसे और जलेबी खरीदी। घर आने पर 5 वर्षीय प्रयांश ने समोसा खाना शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसने आधा समोसा छोड़ दिया और दूसरा समोसा लेने लगा। बच्चे की मां ने उसे ऐसा करने का कारण पूछा, तो बच्चे ने बताया कि वह समोसा खराब था। 

जब परिजनों ने समोसा ध्यान से देखा तो पाया कि उसमें मरी हुई छिपकली का आधा हिस्सा था। इससे यह आशंका बनी कि बच्चा शायद समोसे के साथ मरी हुई छिपकली का कुछ हिस्सा खा चुका है। परिजनों ने तुरंत बच्चे को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने बच्चे को निगरानी में रखा है ताकि कोई अन्य समस्या उत्पन्न न हो।

परिवार का कहना है कि फिलहाल उनका ध्यान बच्चे के स्वास्थ्य पर है, लेकिन जैसे ही बच्चे की तबीयत में सुधार आता है, वे इस घटना की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराएंगे। सुरेश होटल, जहाँ से समोसा खरीदा गया था, के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और खाने की गुणवत्ता को लेकर दुकानदार सतर्क रहें।





भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI