भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भोपाल के बागसेवनिया क्षेत्र में एक दर्दनाक और असामान्य घटना सामने आई है। एक गाय के मुंह में अचानक बम फटने से उसका निचला जबड़ा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना गुरुवार सुबह की है, जब बागमुगालिया क्षेत्र में रहने वाले राजू पटेल की गाय पास में घास चर रही थी।
मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार तभी अचानक एक जोरदार धमाके की आवाज से राजू का ध्यान बाहर की ओर गया। उन्होंने देखा कि गाय के मुंह से खून बह रहा था और उसका जबड़ा टूट चुका था। तुरंत ही राजू ने अपनी घायल गाय को पशु चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पुष्टि की कि जबड़े में आई चोट बम फटने से हुई है।
पुलिस जांच में पता चला कि संभवतः किसी ने दिवाली के दौरान बम को जलाकर घास पर फेंक दिया था, जो उस समय नहीं फटा। गाय ने चरते समय अनजाने में बम को मुंह में ले लिया, जिससे चबाते समय बम फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। गाय की स्थिति नाजुक बताई जा रही है और चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है।
बागसेवनिया थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और इस घटना के संबंध में आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। यह घटना न केवल पशु प्रेमियों के लिए एक गंभीर चिंता का विषय है, बल्कि इससे समाज में सुरक्षा और जागरूकता की आवश्यकता भी स्पष्ट होती है। जांच जारी है, और पुलिस जल्द ही घटना के पीछे की असलियत का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI






