भिलाई में देवांगन जन कल्याण समिति द्वारा आयोजित दीपावली मिलन समारोह....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई के प्रगति नगर स्थित परमेश्वरी मंदिर में शनिवार को देवांगन जन कल्याण समिति भिलाई नगर की ओर से आयोजित "दीपावली मिलन समारोह" और "दीपमाला सांस्कृतिक संध्या" ने भव्यता के साथ दीपावली की खुशियों को नए आयाम दिए। 


इस आयोजन में देवांगन समाज के सदस्यों ने अपने घरों से लाए दीपों से पूरे मंदिर परिसर को रोशनी से भर दिया। माँ परमेश्वरी की विशेष आरती के बाद उपस्थित सदस्यों ने प्रदूषण-मुक्त पटाखे जलाकर पर्व का आनंद उठाया। दीपों और फुलझड़ियों के बीच सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

समिति के अध्यक्ष घनश्याम कुमार देवांगन ने कहा कि ऐसे जनहितकारी आयोजन समाज में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करते हैं। नगर निगम रिसाली की महापौर शशि सिन्हा ने भी देवांगन समाज की सामाजिक समरसता की प्रशंसा की, विशेष रूप से अन्य समाज के प्रमुखों को आमंत्रित कर सम्मानित करने की पहल की सराहना की।

 प्रसिद्ध साहित्यकार आचार्य डॉ. महेश चंद्र शर्मा ने इस आयोजन को समाज के लिए अनुकरणीय बताया, और वरिष्ठ नागरिक महासंघ के अध्यक्ष पुरुषोत्तम साहू ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों में वरिष्ठ जनों का सम्मान उनकी खुशी और जीवन की उमंग को बढ़ाता है। छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन के अध्यक्ष मेघनाथ यादव ने भी इसे समाज की प्रतिभाओं के प्रोत्साहन का सशक्त माध्यम बताया।

समारोह में 75 वर्ष से अधिक उम्र के देवांगन समाज के बुजुर्गों का विशेष सम्मान किया गया, जिसमें डॉ. नीलकंठ देवांगन, पुराणिक कुमार देवांगन, और श्रीमती हीरा देवांगन को शॉल एवं श्रीफल से नवाजा गया। विभिन्न सामाजिक संगठनों के 25 प्रमुखों को भी आमंत्रित कर उनका सम्मान किया गया। 

इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम "दीपमाला संगीत संध्या" का आयोजन हुआ, जिसमें गायक-गायिकाओं ने दीपावली और रोशनी पर आधारित गीत प्रस्तुत कर समां बांधा। दर्शक हिंदी और छत्तीसगढ़ी गीतों पर झूम उठे। कलाकारों में लक्ष्मीनाथ देवांगन, राजू देवांगन, महेश्वरी देवांगन, और अतिथि गायिका डॉ. सीमा साहू सहित कई अन्य ने अपनी गायकी से शाम को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का संचालन सुमन देवांगन ने और आभार प्रदर्शन सचिव विनोद देवांगन ने किया। आयोजन को सफल बनाने में सत्यपाल देवांगन, विनोद देवांगन, और गजेन्द्र देवांगन सहित समिति के कई सदस्यों का सक्रिय योगदान रहा।