दुर्ग : शादी समारोह में महंगे कपड़े पहनकर मेहमान के वेश में चोर गिरोह: हाई-प्रोफाइल समारोहों को निशाना बनाकर गहने और नकदी पर करते है हाथ साफ़...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :दुर्ग , शादी का सीजन शुरू होते ही चोर गिरोहों की सक्रियता भी बढ़ जाती है। ये गिरोह शादियों में मेहमान बनकर पहुंचते हैं और मौका पाते ही गहने व नकदी पर हाथ साफ कर देते हैं। हाल ही में अंजोरा के मैरी गोल्ड रिसॉर्ट में ऐसी ही एक घटना सामने आई, जहां शादी समारोह के दौरान एक बैग चोरी हो गया। इस बैग में गहने और नकद रखे थे। मामले की शिकायत अंजोरा पुलिस चौकी में दर्ज कराई गई है, लेकिन अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिला है। 

 

चोर गिरोहों का शातिर तरीका  

मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ये गिरोह बड़े ही शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देते हैं। ये लोग महंगे कपड़े पहनकर और खुद को मेहमान की तरह दिखाते हुए समारोह में शामिल होते हैं। खासतौर पर महिलाएं और बच्चे भी इस गिरोह का हिस्सा होते हैं, जो स्टेज के पास खड़े होकर मौके की ताक में रहते हैं। जैसे ही कोई गहनों या नकदी से भरा बैग नजर आता है और निगरानी कम होती है, ये तुरंत चोरी कर फरार हो जाते हैं।  

पिछले साल पुलगांव में हुई थी ऐसी वारदात  

यह पहली बार नहीं है कि ऐसी घटना घटी हो। पिछले साल पुलगांव के एक मैरिज पैलेस में भी इसी प्रकार चोरी हुई थी। उस घटना में सीसीटीवी फुटेज के जरिए एक बच्चे को चोरी करते हुए देखा गया था, लेकिन पुलिस उस चोर को पकड़ने में नाकाम रही।  

 बालाघाट और गोंदिया के गिरोहों पर शक  

शादी समारोह में चोरियों की बढ़ती घटनाओं के पीछे बालाघाट और महाराष्ट्र के गोंदिया क्षेत्र से जुड़े गिरोहों का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। ये गिरोह खासतौर पर शादी के मौसम में सक्रिय हो जाते हैं और हाई-प्रोफाइल समारोहों को निशाना बनाते हैं।  

स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने की जरूरत  

इस तरह की घटनाओं को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को ज्यादा सतर्क रहने की आवश्यकता है। शादी समारोहों के आयोजकों को भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए।  

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI