भिलाई : जायसवाल समाज द्वारा भगवान सहस्रबाहु जयंती का भव्य आयोजन, समाज की एकता का प्रदर्शन...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :छग, भिलाई जायसवाल समाज कल्याण समिति द्वारा बाबा दीप सिंह नगर स्थित समिति भवन में भगवान सहस्रबाहु जी की जयंती के पावन अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में समाज के इष्टदेव भगवान सहस्रबाहु जी की पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण किया गया।  


कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10 बजे भगवान सहस्रबाहु जी की पूजा-अर्चना से हुई, जिसमें समाज के सभी वरिष्ठ और युवा सदस्य मौजूद रहे। इसके बाद 11 बजे से चना शरबत का प्रसाद वितरण किया गया। समाज के सभी स्वजातीय बंधु इस कार्यक्रम में बड़े उत्साह के साथ शामिल हुए और भगवान की आराधना में लीन रहे।  

दोपहर 12 बजे के बाद समिति की ओर से सभी स्वजातीय बंधुओं के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। इस दौरान समाज के वरिष्ठजनों ने आपसी भाईचारे और एकता को बढ़ावा देने के संदेश दिए और युवाओं से समाज की प्रगति के लिए आगे आने का आह्वान किया।  

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज के लोगों को एकत्रित कर समाज में एकजुटता और परंपराओं को बनाए रखना था। अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल ने इस अवसर पर कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में श्रद्धा, एकता और संस्कारों को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।  

भगवान सहस्रबाहु जयंती के इस पवित्र अवसर पर समिति ने समाज की भावी पीढ़ी को सामाजिक एकता का संदेश देने का भी प्रयास किया।