भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बटाईकेला गांव में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ग्राहक सेवा केंद्र (कियोस्क बैंक) में लूट और हत्या की घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने घटना को महज 16 घंटों में सुलझाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो अन्य आरोपी, जिनमें से एक कुख्यात अपराधी रवि उरांव है, अब भी फरार हैं। इस घटना की योजना जेल में ही बनाई गई थी, जो पुलिस की जांच में सामने आई है।
5 नवंबर को संचू कुमार गुप्ता अपने ग्राहक सेवा केंद्र पर काम कर रहे थे, तभी रवि उरांव और रातू राम नाम के दो आरोपी बिना नंबर की बजाज मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे। दोनों ने चॉकलेट और पानी खरीदने का बहाना बनाया और बैंक में प्रवेश किया। फिर रवि ने गुप्ता से पैसा देने को कहा और जब गुप्ता ने इसका विरोध किया, तो रवि ने हथियार से उनके सिर पर वार किया, जिससे वह घायल हो गए। गुप्ता की दादी उर्मिला बाई बीच-बचाव करने आईं, जिस पर रवि ने उन पर फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल वहीं छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले।
घटना के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए इलाके में नाकेबंदी की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इस दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले। एक पुराना अपराधी होने के कारण रवि उरांव का नाम जल्द ही पुलिस की जांच के दायरे में आया। इस पर पुलिस ने घटना में शामिल मोटरसाइकिल के मालिक से पूछताछ की, जिससे पुलिस को घटना को सुलझाने में अहम सुराग प्राप्त हुआ।
पुलिस ने आरोपी रातु राम को उसके घर से गिरफ्तार किया। शुरू में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन मनोवैज्ञानिक दबाव के तहत पूछताछ के दौरान उसने घटना की पूरी जानकारी दी और बताया कि लूट की योजना जशपुर जेल में बनाई गई थी। रवि उरांव और रातु राम ने दीपावली से पहले इस लूट की साजिश रची और बटाईकेला गांव में कियोस्क बैंक की रेकी भी कर ली थी। योजना के अनुसार, 5 नवंबर को उन्होंने लूट को अंजाम दिया।
इस पूरे मामले में पुलिस अधिकारियों की भूमिका सराहनीय रही है। घटना को सुलझाने में एसडीओपी बगीचा निमिषा पाण्डेय, एसडीओपी कुनकुरी विनोद मंडावी, उप पुलिस अधीक्षक विजय राजपूत, निरीक्षक विनित पाण्डेय, निरीक्षक गौरव पांडेय, और उप निरीक्षक अषोक यादव सहित अन्य अधिकारियों का विशेष योगदान रहा। पुलिस की त्वरित कार्रवाई को देखते हुए आईजी अंकित गर्ग ने इस कार्रवाई में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए नगद इनाम की घोषणा भी की है।
अभी तक पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन मुख्य आरोपी रवि उरांव और एक अन्य साथी फरार हैं। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है और इन्हें जल्द पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना को लेकर थाना कांसाबेल में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI






