CG : बलरामपुर कस्टोडियल डेथ कांड में नया खुलासा: झारखंड में मिला लापता पत्नी का हाथ पैर बंधा शव, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप, परिजनों ने की न्याय की मांग...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में पुलिस कस्टडी में हुई गुरुचंद मंडल की संदिग्ध मौत के मामले में एक और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। गुरुचंद मंडल की पत्नी रीना मंडल, जिनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट उन्होंने खुद दर्ज कराई थी, का शव झारखंड के गढ़वा थाना क्षेत्र में कोयल नदी के किनारे मिला है। इस घटना ने पहले से ही गरमाए हुए इस मामले को और गंभीर बना दिया है।

24 अक्टूबर को पुलिस हिरासत में एनएचएम कर्मी गुरुचंद मंडल की मौत के बाद बलरामपुर में भारी हंगामा हुआ। थाने और सरकारी वाहनों पर हमले हुए और पुलिस के खिलाफ तीव्र विरोध प्रदर्शन किया गया। गुरुचंद मंडल ने इससे पहले अपनी पत्नी रीना मंडल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, और पुलिस पूछताछ के दौरान ही उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 

30 सितंबर को झारखंड के गढ़वा थाना क्षेत्र में कोयल नदी के पास झाड़ियों में फंसी हुई रीना मंडल की लाश मिली। जिसके हाथ पैर बंधे हुए थे| स्थानीय पुलिस ने शव का पंचनामा किया और पहचान के लिए शव को मर्चुरी में रखा गया। पहचान न हो पाने के कारण, एक सप्ताह बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया। जब बलरामपुर पुलिस को इस बारे में सूचना मिली, तो वे मृतका के परिजनों को साथ लेकर गढ़वा पहुंचे। रीना मंडल के परिजनों ने शव की पहचान की और अब उनके अस्थि कलश का विधिवत अंतिम संस्कार किया जा रहा है।

मृतका रीना मंडल के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनकी हत्या में रीना के पति, सास-ससुर और अन्य लोग शामिल हैं। परिजनों का कहना है कि गुरुचंद मंडल की कस्टोडियल डेथ के बाद हुई राजनीतिक गतिविधियों ने मामले को उलझा दिया है, लेकिन वे रीना को न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रखेंगे। उनका कहना है कि पुलिस और प्रशासन से न्याय की उम्मीद है।

बलरामपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडे ने बताया कि गढ़वा थाना पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है। रीना मंडल की मौत को "अप्राकृतिक मृत्यु" करार दिया गया है, और झारखंड पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।

यह मामला अब एक जटिल मोड़ ले चुका है, जहां एक ओर पुलिस कस्टडी में मौत का मामला है, तो दूसरी ओर एक महिला की संदिग्ध हत्या का। पुलिस की जांच और परिजनों की न्याय की मांग से यह मामला और गंभीर होता जा रहा है। झारखंड और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त जांच से ही इस मामले के सभी पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI