12वीं के छात्र को पढ़ाई की नसीहत देना प्रिंसिपल को पड़ा भारी , छात्र ने नाराज होकर प्रिंसिपल के सिर में गोली मारकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के धमौरा गांव स्थित एक सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल की हत्या करने वाले आरोपी छात्र को पुलिस ने कुछ घंटों के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी छात्र, जो स्कूल की 12वीं क्लास का छात्र है, ने प्रिंसिपल एसके सक्सेना को गोली मारकर उनकी जान ले ली और फिर उनकी स्कूटी लेकर फरार हो गया था।

सिर में गोली मारकर की हत्या

यह सनसनीखेज घटना शुक्रवार को दोपहर 1:30 बजे के करीब घटी। जब प्रिंसिपल एसके सक्सेना स्कूल के बाथरूम में गए थे, तब आरोपी छात्र वहां पहुंचा और पीछे से उनके सिर में गोली मार दी। प्रिंसिपल की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी छात्र ने प्रिंसिपल के कमरे में जाकर तोड़फोड़ की और फिर उनकी स्कूटी चुराकर फरार हो गया। 

 पढ़ाई पर ध्यान देने की नसीहत को लेकर था विवाद

पुलिस के अनुसार, आरोपी छात्र की प्रिंसिपल से खुन्नस का कारण उनकी पढ़ाई और अनुशासन से जुड़ा था। छात्र अक्सर आवारा गर्दी करता था, जिससे प्रिंसिपल ने उसे पढ़ाई पर ध्यान देने की नसीहत दी थी। इसके अलावा, आरोपी छात्र कई बार स्कूल में हथियार लेकर आया था, जिस पर भी प्रिंसिपल ने उसे फटकार लगाई थी। आरोप है कि इन सभी घटनाओं से नाराज होकर उसने हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।

आरोपी की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदी

पुलिस ने घटना के कुछ घंटों बाद आरोपी छात्र को महोबा में गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल हथियार और प्रिंसिपल की स्कूटी भी बरामद कर ली गई है। छतरपुर एसपी अगम जैन ने बताया कि आरोपी छात्र को पहले भी प्रिंसिपल ने नसीहत दी थी, जिससे उसने गुस्से में आकर यह कदम उठाया। पुलिस इस मामले में एक और छात्र की संलिप्तता की जांच कर रही है, जिसकी तलाश की जा रही है।

यह मामला पूरे जिले में सनसनी का कारण बन गया है और स्कूल प्रशासन तथा पुलिस इस घटना के कारणों का खुलासा करने में जुटे हैं।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI