भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग जिले के नंदकट्ठी में एक गंभीर सड़क हादसा हुआ, जहां शराब के नशे में धुत एक हाइवा चालक ने अपनी लापरवाही से एक युवक को बुरी तरह घायल कर दिया। हादसा नंदिनी थाना क्षेत्र के गौठान इलाके में हुआ। ग्रामीण युवक गौठान के पास पैदल जा रहा था, जब अचानक रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार हाइवा ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर से 15 फीट दूर जा गिरा युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक हवा में उछलकर करीब 15 फीट दूर जा गिरा। इस दुर्घटना में युवक के हाथ-पैर टूट गए और सिर पर गंभीर चोट आई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचित किया।
चालक मौके से फरार, ग्रामीणों ने रोका हाइवा
घटना के बाद चालक हाइवा (CG 07 AY 7710) लेकर भागने की कोशिश में था, लेकिन ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए रास्ते में पत्थर और डंडों से उसे रोक लिया। हालांकि, चालक वहां से भागने में कामयाब रहा।
ग्रामीणों का गुस्सा फूटा, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने आस-पास के गांवों के लोगों को बुलाकर बड़ी संख्या में विरोध प्रदर्शन किया। नाराज लोगों ने सड़क पर चक्का जाम कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ट्रक चालकों की लापरवाही पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं करती, जिससे ऐसे हादसे होते हैं।
पुलिस की कार्रवाई और समझाइश
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नंदिनी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश दी। पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि नशे में गाड़ी चलाने वाले ट्रक चालकों पर सख्त कार्रवाई हो और ऐसे मामलों में तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। ट्रक चालकों की लापरवाही और नशे में गाड़ी चलाने की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं, जिससे आम नागरिकों की जान पर खतरा मंडरा रहा है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV


